तिलक से पहले घर में बड़ी चोरी, तीन लाख रुपये नकद समेत गहने-कपड़े ले उड़े चोर

वैशाली जिले के पातेपुर के रूपनपट्टी गांव में बीते रात चोरो ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने परमानंद सहनी के घर में सेंध लगाकर बेटी की शादी की सारी पूंजी को उड़ा डाला....

तिलक से पहले घर में बड़ी चोरी- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले में पातेपुर प्रखंड के लदहो पंचायत अंतर्गत वार्ड-2 स्थित रूपनपट्टी गांव में देर रात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। गांव निवासी परमानंद सहनी के घर में घुसकर चोरों ने बेटी की शादी के लिए जुटाई गई नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया।


शुक्रवार को तिलक लेकर जाने वाले थे परिजन, रात के अंधेरे में घर में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, परमानंद सहनी शुक्रवार को अपने पूरे परिवार के साथ तिलक लेकर वर पक्ष के यहां जाने वाले थे। घर में शादी और तिलक को लेकर उत्साह का माहौल था और सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। इसी दौरान रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम दिया।


तिलक व उपहार के लिए रखे गए तीन लाख रुपये समेत आभूषण और कपड़े गायब

चोर घर में रखे गए तिलक व उपहार के लगभग तीन लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने, नए कपड़े तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। बेटी की शादी और तिलक की रस्म के लिए जुटाई गई यह पूंजी चोरी होने से परिवार के सामने आगे की तैयारियों को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।


सुबह जानकारी मिलने पर घर में पसरा मातम, गांव में तरह-तरह की चर्चाएं

सुबह जब परिवार के लोगों को चोरी की भनक लगी, तो घर की खुशियां चिंता और मातम में बदल गईं। जिस तिलक की रस्म को लेकर घर में चहल-पहल थी, अचानक आए इस संकट ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद रूपनपट्टी गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


पीड़ित परिवार की सूचना पर पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है।


रिषभ की रिपोर्ट