शौच के लिए घर से निकले अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार मे मचा कोहराम

मुंगेर जिले में शौच के लिए निकले अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक रंगलाल मंडल शामपुर थाना क्षेत्र के लोहची नाकी गांव में धान के खेत से गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई...

शौच के लिए घर से निकले अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत- फोटो : इम्तियाज खान

Munger : जिले के शामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहची नाकी गांव में शुक्रवार सुबह शौच के लिए घर से निकले एक 55 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान रंगलाल मंडल के रूप में हुई है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


सुबह चार बजे निकले थे घर से, घायल अवस्था में परिजनों को बताए थे कुछ लोगों के नाम

परिजनों के अनुसार, रंगलाल मंडल शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के सदस्यों ने उनकी खोजबीन शुरू की, जिसके दौरान गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर एक धान के खेत में वे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही तीन लोगों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की थी। बताया जा रहा है कि घायल अवस्था में मिलने पर रंगलाल मंडल ने परिजनों को दो-तीन लोगों के नाम भी बताए थे। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए बरियारपुर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।


पुरानी रंजिश और लेनदेन के विवाद की आशंका, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

घटना के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, करीब चार साल पहले रंगलाल मंडल के बेटे को लेकर नितीश कुमार और नीरज कुमार के साथ विवाद हुआ था, जबकि राशन डीलर के साथ लेनदेन को लेकर भी विवाद की चर्चा सामने आ रही है। हालांकि, इन पुराने विवादों का इस घटना से कोई सीधा संबंध है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 


खड़गपुर डीएसपी अभय कुमार ने बताया कि पुलिस परिजनों के आरोपों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है तथा दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


इम्तियाज की रिपोर्ट