बिहार को पीएम मोदी का 60 हजार करोड़ का महातोहफा! नीतीश सेतु का होगा उद्घाटन, 1 लाख लोगों की जुटेगी भीड़
PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को बिहार के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह राज्य को विकास की कई बड़ी सौगात देंगे।...
PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को बिहार के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह राज्य को विकास की कई बड़ी सौगात देंगे। प्रधानमंत्री वैशाली में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन करेंगे। इस पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। लंबे इंतजार के बाद शुरू होने जा रहा यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को नई रफ्तार देने में अहम भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री के इस दौरे पर बिहार को 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। पीएम मोदी 21 विभागों की कुल 103 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, उद्योग, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा वैशाली के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी में 1,243 एकड़ में विकसित होने वाले औद्योगिक कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे। इस परियोजना का मकसद बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देना, रोजगार के नए अवसर पैदा करना और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार दोपहर करीब 12:45 बजे सेना के विमान से पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत एनडीए के वरिष्ठ नेता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री वैशाली के लिए रवाना होंगे। उनका कार्यक्रम करीब 3:15 बजे तक प्रस्तावित है।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण होगा। मुख्य पुल की लंबाई लगभग 9.76 किलोमीटर है, जबकि एप्रोच रोड समेत इसकी कुल लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर बताई गई है। छह लेन वाला यह पुल गंगा नदी के दोनों किनारों को बेहतर संपर्क प्रदान करेगा। इससे पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होने के साथ ही व्यापार और परिवहन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
पुल के उद्घाटन और निरीक्षण के बाद प्रधानमंत्री औद्योगिक कॉरिडोर की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद राजापाकर में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में करीब एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए सभा स्थल पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
पीएम मोदी के दौरे को लेकर पटना से वैशाली तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एनडीए के सभी पांच घटक दल भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता तथा कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरे को बिहार के बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास और रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।