Muzaffarpur hotel raid: मुजफ्फरपुर के होटल में शराब के नशे में मिलीं दो युवतियां, विदेशी शराब की बोतलें बरामद; पुलिस ने किया गिरफ्तार

Muzaffarpur hotel raid: बिहार के मुजफ्फरपुर में होटल जांच के दौरान पुलिस ने माड़ीपुर स्थित एक होटल के कमरे से दो युवतियों को शराब के नशे में गिरफ्तार किया। कमरे से विदेशी शराब की दो बोतलें भी मिलीं।

Muzaffarpur hotel raid

Muzaffarpur hotel raid:  बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब पीने और तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। इसी बीच मुजफ्फरपुर पुलिस ने गुरुवार की देर रात शहर के अलग-अलग होटलों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर स्थित एक होटल के कमरे से दो युवतियों को कथित तौर पर शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कमरे से महंगी विदेशी शराब की दो बोतलें भी बरामद की हैं।


होटलों में ठहरे लोगों का किया गया सत्यापन


वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गुरुवार की रात शहर के विभिन्न होटलों में पुलिस ने छापेमारी और जांच अभियान चलाया। इस दौरान होटल में ठहरे लोगों की पहचान और उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने होटल के रजिस्टर और वहां ठहरे लोगों के आधार कार्ड की भी जांच की। देर रात तक चले इस अभियान के दौरान होटल संचालकों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।


माड़ीपुर के होटल से दो युवतियां गिरफ्तार


जांच के दौरान काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर स्थित एक होटल के कमरे में दो युवतियां शराब के नशे में मिलीं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। कमरे की तलाशी के दौरान विदेशी शराब की दो बोतलें भी बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवतियों में एक पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया की रहने वाली है, जबकि दूसरी कोलकाता के राजेंद्र प्रसाद लेन की निवासी बताई गई है।


शादी समारोह में एंकरिंग करने आई थीं दोनों युवतियां


काजीमोहम्मदपुर थाना प्रभारी चंद्र भूषण प्रसाद के मुताबिक, दोनों युवतियां इवेंट में एंकरिंग का काम करती हैं। बुधवार को एक विवाह समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत करने के बाद दोनों माड़ीपुर स्थित होटल में ठहरी थीं। गुरुवार की देर रात पुलिस की जांच के दौरान दोनों को कथित तौर पर शराब के नशे में पाया गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर थाने लाया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


शराबबंदी के बीच होटलों पर पुलिस की नजर


बिहार में शराब की बिक्री, सेवन और भंडारण पर प्रतिबंध है। ऐसे में मुजफ्फरपुर पुलिस की ओर से होटलों और अन्य ठहरने वाले स्थानों पर जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य होटल में ठहरे लोगों का सत्यापन करना और शराबबंदी कानून के उल्लंघन से जुड़े मामलों पर कार्रवाई करना है।