कल हाजीपुर में पीएम नरेंद्र मोदी का मेगा कार्यक्रम : 3 लाख करोड़ की योजनाओं की देंगे सौगात, नीतीश कुमार की मौजूदगी पर सस्पेंस

वैशाली जिले में पीएम मोदी के होने वाले कार्यक्रम को लेकर भव्य तैयारी की गई है। जिले के जाफरपट्टी में 20 लाख वर्गफीट में भव्य सभा स्थल सजा है, जहां से पीएम 9.76 किमी लंबे नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे.....

कल हाजीपुर में पीएम नरेंद्र मोदी का मेगा कार्यक्रम- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : कल शनिवार, 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर हाजीपुर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हाजीपुर के जाफरपट्टी पंचायत में करीब 20 लाख वर्गफीट क्षेत्र में विशाल सभा स्थल और पांच बड़े पंडाल तैयार किए गए हैं, जहां एक लाख से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री करीब 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 2500 से ज्यादा विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे, जिसमें सबसे बड़ा आकर्षण 9.76 किलोमीटर लंबे सिक्स लेन 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन और जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र की आधारशिला रखना होगा।


सभा स्थल पर 60 एलईडी स्क्रीन, 540 शौचालय और 14 पार्किंग जोन की व्यवस्था

प्रशासन ने सभा स्थल पर लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं, जिसके तहत परिसर में 60 एलईडी स्क्रीन, 540 शौचालय, 32 पानी के टैंक, 17 बोरिंग, 180 रनिंग वाटर टैप और 140 वाटर डिस्पेंसर लगाए गए हैं। स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं के लिए 27 मेडिकल कैंप, 25 एंबुलेंस, 30 अग्निशमन वाहन और 25 क्रेन की तैनाती की गई है, जबकि सुरक्षा जांच के लिए 100 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। दूसरे जिलों से आने वाले वाहनों के लिए 14 पार्किंग जोन बनाए गए हैं, जहां फूड कोर्ट, मेडिकल कैंप और कंट्रोल रूम की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।


नीतीश सेतु के विरोध पर भड़के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, लालू परिवार पर बोला हमला

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर बने सिक्स लेन पुल के उद्घाटन को लेकर विपक्ष और तेजस्वी यादव द्वारा जताए जा रहे विरोध पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने तीखा पलटवार किया है। सरावगी ने कहा कि तेजस्वी यादव के माता-पिता ने 15 साल तक बिहार में शासन किया, लेकिन उस दौरान एक भी पुल-पुलिया नहीं बनवाया और केवल चरवाहा विद्यालय खोलने तथा चारा घोटाला करने का काम किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर बने पुल के उद्घाटन का विरोध कर रहे तेजस्वी यादव को बिहार की जनता कभी माफ नहीं करेगी।


मंच साझा करेंगे या नहीं नीतीश कुमार? सवाल पर बचते दिखे भाजपा नेता

प्रधानमंत्री के इस दौरे से पहले सबसे बड़ा राजनीतिक सवाल पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की मंच पर मौजूदगी को लेकर बना हुआ है। जब बिहार भाजपा प्रभारी हरीश द्विवेदी और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से इस बारे में पूछा गया, तो दोनों स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आए। हरीश द्विवेदी ने कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी, जबकि संजय सरावगी ने कहा कि एनडीए के सभी नेताओं को निमंत्रण दिया गया है और सभी शामिल होंगे, हालांकि नीतीश कुमार के आने को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं की।


दोपहर 1:20 बजे रुस्तमपुर पहुंचेंगे प्रधानमंत्री, यातायात और सुरक्षा को लेकर रूट निर्धारित

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है तथा हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ प्रधानमंत्री के आगमन से करीब दो घंटे पहले नीतीश सेतु पर यातायात बंद कर दिया जाएगा। इसके अलावा 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से बनारसी चौक पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा और विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर रुस्तमपुर पहुंचेंगे और वहां से जाफरपट्टी स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल जाएंगे, जिसके बाद दोपहर 3 बजकर 15 मिनट पर उनका प्रस्थान निर्धारित है।


रिषभ की रिपोर्ट