Patna railway station: पटना जंक्शन पर दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत, एक ट्रेन से कटा तो दूसरे का फुट ओवरब्रिज पर मिला शव

Patna railway station: पटना जंक्शन पर दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से जान गई, जबकि 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव फुट ओवरब्रिज पर लिफ्ट के पास मिला।

Patna railway station

Patna railway station:  बिहार की राजधानी पटना के पटना जंक्शन पर दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना बुधवार की है, जब प्लेटफॉर्म संख्या-10 के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की जान चली गई। वहीं, दूसरी घटना शुक्रवार सुबह की है, जब रेल फुट ओवरब्रिज पर लिफ्ट के पास 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला। दोनों मृतकों की पहचान कर ली गई है। रेल पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए हैं।


ट्रेन की चपेट में आने से धरनी शर्मा की मौत


पहली घटना में मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र के कपरिया बनगामा निवासी धरनी शर्मा के रूप में हुई है। उनकी पत्नी सरस्वती देवी की ओर से दिए गए आवेदन के मुताबिक, धरनी शर्मा छठ पूजा मनाने के लिए नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मोजफरा गांव में अपने रिश्तेदार प्रदीप मिस्त्री के घर गए थे। बुधवार को उन्हें वापस पूर्णिया लौटना था। इसके लिए वह खुरमपुरा हॉल्ट से पटना-इस्लामपुर पैसेंजर ट्रेन में सवार हुए थे। बताया गया है कि पटना जंक्शन पहुंचने के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-10 के पास वह ट्रेन से गिर गए और पहियों की चपेट में आ गए। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


रेल पुलिस की सूचना पर पटना पहुंचे परिजन


घटना के बाद रेल पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलने पर धरनी शर्मा की पत्नी सरस्वती देवी पटना जंक्शन पहुंचीं और शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने जरूरी कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।


फुट ओवरब्रिज पर लिफ्ट के पास मिला 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव


दूसरी घटना शुक्रवार सुबह की है। पटना जंक्शन के रेल फुट ओवरब्रिज पर लिफ्ट के पास 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला। मृतक की पहचान सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र के विजय नगर निवासी शिवनाथ सिंह के रूप में हुई है। उनके पोते रवि कुमार सिंह के आवेदन के अनुसार, शिवनाथ सिंह शुक्रवार को फुसरो (बोकारो) जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान सुबह करीब 11:50 बजे परिजनों को रेल थाना के माध्यम से उनके मृत पाए जाने की सूचना मिली।


परिजनों ने जताई अधिक उम्र के कारण मौत की आशंका


सूचना मिलने के बाद शिवनाथ सिंह के परिजन पटना जंक्शन पहुंचे और शव की पहचान की। उनके पोते रवि कुमार सिंह ने अधिक उम्र के कारण मृत्यु होने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी। रेल पुलिस ने इस मामले में यूडी यानी अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। एक ओर धरनी शर्मा की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई, वहीं दूसरी ओर शिवनाथ सिंह की मृत्यु के कारणों का पता लगाया जा रहा है।