55 लाख की हेरोइन के साथ असम से आया तस्कर गिरफ्तार, हाजीपुर जंक्शन पर पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दबोचा
वैशाली जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फिल्मी अंदाज में भारी मात्रा मे हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है.....
Vaishali : जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी बड़ी कार्रवाई की है। हाजीपुर जंक्शन पर पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी करते हुए एक कथित हेरोइन तस्कर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई एसपी शुभांक मिश्रा के कड़े निर्देशों पर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई।
बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 55 लाख रुपये
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपी के पास से 276.83 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 55 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से 3,170 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, पहचान पत्र और रेलवे का टिकट भी जब्त किया है।
असम से ट्रेन के जरिए लाई जा रही थी नशीले पदार्थों की खेप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर पूर्वोत्तर राज्य असम से ट्रेन के जरिए हेरोइन की यह बड़ी खेप लेकर हाजीपुर जंक्शन पहुंचा था। एसपी को इस तस्करी के संबंध में सटीक गुप्त सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में जंक्शन परिसर में जाल बिछाकर संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस
वैशाली पुलिस अब गिरफ्तार तस्कर से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य केंद्र इस बात पर है कि असम से लेकर हाजीपुर तक हेरोइन की इतनी बड़ी खेप किस रास्ते से पहुंची और बिहार में इसे किन-किन स्थानों व गिरोहों तक सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस पूरे सिंडिकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में लगी है।
नशे के खिलाफ पुलिस अभियान को मिली बड़ी सफलता
वैशाली जिले में मादक पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इस कार्रवाई को एक बड़ी और महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।