Bihar Road Accident: ड्यूटी पर जा रहे शिक्षक की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक में मारी टक्कर; दो माह के मासूम के सिर से उठा पिता का साया
Bihar Road Accident: वैशाली जिले में बेलगाम रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। ...
Bihar Road Accident: वैशाली जिले में बेलगाम रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। लालगंज थाना क्षेत्र के पोझिया हाट के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर से बाइक सवार शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतक वैशाली स्थित प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। घटना की खबर मिलते ही इलाके में शोक और मातम का माहौल कायम हो गया।
जानकारी के मुताबिक, शिक्षक मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के निवासी थे और फिलहाल हाजीपुर में किराये के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। शुक्रवार की सुबह वे रोजाना की तरह मोटरसाइकिल से हाजीपुर स्थित अपने आवास से विद्यालय में ड्यूटी करने के लिए निकले थे। इसी दौरान लालगंज के पोझिया हाट के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और लोगों की मदद से घायल शिक्षक को लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शिक्षक की मौत की खबर फैलते ही उनके सहकर्मियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। कई शिक्षक अस्पताल पहुंचे। परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है। बताया जाता है कि मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। उनके छोटे बेटे का जन्म महज दो महीने पहले हुआ था। पिता की असमय मौत से मासूम बच्चों के सिर से साया उठ गया है। उधर, लालगंज पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेजने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार