हर्ष फायरिंग मामले में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह की बढ़ीं मुश्किलें, करीब पांच साल पुराने केस में कोर्ट में हुईं पेश
तकरीबन पांच पुराने हर्ष फायरिंग मामले में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। 23 अप्रैल 2021 को लालगंज में आयोजित उपनयन संस्कार के दौरान अक्षरा के प्रोग्राम में कार्बाइन से खुलेआम फायरिंग हुई थी....
Vaishali : जिले के लालगंज स्थित पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के आवास पर हुए चर्चित हर्ष फायरिंग मामले में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह की कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। करीब पांच साल पुराने इस मामले में गुरुवार को अभिनेत्री अक्षरा सिंह हाजीपुर न्यायालय में पेश हुईं। उनकी इस पेशी के बाद साल 2021 में हुए उस हाई-प्रोफाइल समारोह और हर्ष फायरिंग की घटना को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
स्टेज पर अक्षरा सिंह की प्रस्तुति के दौरान बॉडीगार्ड ने की थी कार्बाइन से फायरिंग
यह पूरा मामला 23 अप्रैल 2021 का है, जब लालगंज स्थित पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के आवास पर उनके भतीजे के उपनयन संस्कार (जनेऊ समारोह) का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह को भी आमंत्रित किया गया था। समारोह के दौरान जब अक्षरा सिंह मंच पर कार्यक्रम प्रस्तुत कर रही थीं, तभी पुलिस की वर्दी पहने एक बॉडीगार्ड द्वारा कार्बाइन से खुलेआम फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था। इस वीडियो के सामने आने के बाद बिहार के सियासी गलियारों से लेकर पुलिस और प्रशासनिक महकमे तक में हड़कंप मच गया था।
कोरोना की दूसरी लहर के बीच जुटी थी भीड़, मुन्ना शुक्ला और अक्षरा सिंह समेत कई पर दर्ज हुई थी एफआईआर
यह विवाद केवल हर्ष फायरिंग तक ही सीमित नहीं था, बल्कि उस समय देश और राज्य में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का प्रकोप चरम पर था। इसके बावजूद समारोह में भारी भीड़ जुटाई गई थी और मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग समेत कोविड गाइडलाइन की खुलेआम अनदेखी किए जाने के आरोप लगे थे। वायरल वीडियो और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला, उनकी पत्नी अन्नू शुक्ला, बॉडीगार्ड और भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
मुन्ना शुक्ला के विवादित बयानों ने भी बटोरी थीं सुर्खियां, अब आगे की कार्रवाई पर टिकी नजरें
घटना के बाद पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के विवादित बयान भी काफी सुर्खियों में रहे थे। मीडिया से बातचीत में उनका यह कहना कि 'वे कानून तोड़ने के लिए ही पैदा हुए हैं' और 'यहां गोली नहीं चलेगी तो क्या अगरबत्ती जलेगी', सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। अब करीब पांच वर्ष बाद अक्षरा सिंह की हाजीपुर कोर्ट में पेशी ने इस पुराने मामले को फिर से सुर्खियों में ला दिया है और सबकी नजरें न्यायालय की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
रिषभ की रिपोर्ट