Bihar crime:बिहार पुलिस की बड़ी सफलता, 4 अपराधी - 1 स्वर्ण व्यवसायी गिरफ्तार, 1 देशी पिस्टल - 4 कारतूस बरामद
बिहार पुलिस की बड़ी सफलता, 4 अपराधी - 1 स्वर्ण व्यवसायी गिरफ्तार, 1 देशी पिस्टल - 4 कारतूस बरामद
Bihar crime:शाली जिले की नगर थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार शातिर अपराधियों और एक स्वर्ण व्यवसायी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध किस्म के अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में तंगौल जगदम्बा स्थान के पीछे गंडक पुल के पास इकट्ठा हुए हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी की और सभी अपराधियों को धर दबोचा। पकड़े गए बदमाशों की तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जिससे उनके किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने के मंसूबे का खुलासा होता है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा जब इन अपराधियों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने कई सनसनीखेज खुलासे किए। पूछताछ के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि वे लोग बंद घरों को अपना निशाना बनाते थे और वहां से कीमती आभूषणों की चोरी करते थे। इन अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सोना-चांदी खरीदने वाले एक स्वर्ण व्यवसायी मनीष कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मुख्य आरोपी विक्की कुमार सिंह के सारण जिले के दिघवारा स्थित घर पर छापेमारी की गई, जहां से लगभग 34 ग्राम से अधिक सोना, 350 ग्राम से ज्यादा चांदी और करीब 4.96 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।
रिपोर्ट..रिषभ