Bihar crime: महापर्व के बीच ताबड़तोड़ गोलीबारी,भाई-बहन को अपराधियों ने मारी गोली, इलाके में मचा हड़कंप*

छठ महापर्व के बीच बेगूसराय में ताबड़तोड़ गोलीबारी! खेत में भाई-बहन को अपराधियों ने मारी गोली, इलाके में मचा हड़कंप*

Bihar crime: महापर्व के बीच ताबड़तोड़ गोलीबारी,भाई-बहन को अप
अपराधियों का आतंक- फोटो : Reporter

Bihar crime:बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर भी वे खूनखराबे से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बछवाड़ा पंचायत के मरांची खुर्द गांव का है, जहां संस्कृत विद्यालय के पास स्थित एक खेत में अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर भाई और बहन को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मरांची खुर्द गांव में संस्कृत विद्यालय के समीप खेत में अचानक हुई गोलीबारी की इस घटना में भाई-बहन को गोली लग गई, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोलियों की आवाज गूंजते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बिना देर किए दोनों गंभीर रूप से घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए दलसिंहसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस खूनी संघर्ष या गोलीबारी के पीछे आपसी रंजिश, जमीन विवाद या कोई अन्य कारण था। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा छठ महापर्व के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा और विशेष सतर्कता बरतने के दावे किए जा रहे हैं, तब अपराधी खुलेआम बेखौफ होकर गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। फिलहाल, इस सनसनीखेज वारदात के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है और पुलिस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।


रिपोर्ट-अजय कुमार शास्त्री