PATNA MAHAVIR MANDIR NEWS : महावीर मंदिर ट्रस्ट ने सुधा दूध प्रबंधन की शुद्ध घी खरीदने के लिए रखी तीन शर्ते, कहा - मानक को करना होगा पूरा

PATNA : महावीर मन्दिर, पटना के नैवेद्यम् प्रभाग ने 2015 से फरवरी, 2023 तक कई बार सुधा डेयरी के अधिकारियों से नैवेद्यम् के लिए शुद्ध गाय का घी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, लेकिन हर बार उन्होंने इतनी बड़ी मात्रा में शुद्ध गाय का घी उपलब्ध कराने में असमर्थता जताई। सुधा अधिकारियों से अंतिम अनुरोध 22 फरवरी, 2023 को ईमेल से किया गया था जिसकी प्रति यहां प्रस्तुत है।
अब सुधा डेयरी ने शुद्ध गाय का घी देने की पेशकश की है। उनका स्वागत है। उनसे तत्काल 100 किलो गाय का घी देने का अनुरोध किया गया है। इससे नैवेद्यम् बनाकर भक्तों का मन्तव्य प्राप्त किया जायेगा। उसके बाद थोक में ऑर्डर देने का निर्णय लिया जाएगा। हमारा अनुरोध होगा कि नंदिनी की तरह वे भी हर खेप के साथ घी की शुद्धता का प्रमाण-पत्र भेजे तथा नंदिनी की दर पर या उससे कम दर पर गाय का घी उपलब्ध करायें। दूर बंगलोर से यहाँ भेजकर नन्दिनी वाले 590 रु प्रति किलो शुद्ध गाय का घी दे रहे हैं। समान गुणवत्ता होने पर आवश्यक घी की आपूर्ति के लिए दीर्घकालिक समझौता होगा। तब हम खुशी-खुशी उनसे घी लेंगे।
आरम्भ से ही मन्दिर में दूध तथा अन्य सुधा-उत्पाद काफी मात्रा में उपयोग में लाये जाते रहे हैं। आज नैवेद्यम् प्रभाग की ओर से अधिकारी सुधा-कार्यालय गये थे; वहाँ उन्हें बताया गया कि गाय का शुद्ध घी बनाने के लिए वे प्लांट बैठा रहे हैं। दो-तीन महीने में बड़ी मात्रा में थोक-आपूर्ति की जायेगी।