Gold- Silver Price Today: सोने-चांदी के दाम में तूफानी तेजी! जानें क्यों बढ़ रही कीमत और आगे क्या होगा

Gold- Silver Price Today: दिल्ली में सोने का भाव 1,63,500 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.50 लाख रुपये प्रति किलो पहुंची। जानिए सोना-चांदी महंगा होने की वजह और आगे कीमतों का क्या रुख रह सकता है।

Gold- Silver Price Today:  सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर जोरदार तेजी देखने को मिली है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के प्रमुख सर्राफा बाजारों में दोनों कीमती धातुओं के भाव कई महीनों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं। कमजोर अमेरिकी डॉलर और वैश्विक बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के बीच निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने की ओर बढ़ा है।


दिल्ली में सोना ₹1.63 लाख के पार


न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, दिल्ली के हाजिर बाजार में शुक्रवार को 99.9 फीसदी शुद्धता वाला 24 कैरेट सोना 1,200 रुपये बढ़कर 1,63,500 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोने का भाव 1,62,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था। सर्राफा कारोबारियों के अनुसार, सोना इससे पहले 19 मई के आसपास इस स्तर पर देखा गया था। इस तरह सोने की कीमत ने करीब तीन महीने के उच्चतम स्तर को छू लिया है।


चांदी ने भी पकड़ी तेज रफ्तार


चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। शुक्रवार को चांदी 5,000 रुपये बढ़कर 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इसमें सभी कर शामिल हैं। इससे एक दिन पहले गुरुवार को चांदी के भाव में 10,000 रुपये की बड़ी तेजी आई थी और यह 2,45,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। यानी केवल दो कारोबारी सत्रों में चांदी 15,000 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हो चुकी है। चांदी का मौजूदा भाव करीब 15 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर है। इससे पहले 4 मई को चांदी लगभग 2,49,500 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर थी।


क्यों लगातार बढ़ रही है सोने-चांदी की कीमत?


कीमती धातुओं की कीमतों में तेजी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कई बड़े कारण बताए जा रहे हैं। अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में कमजोरी से सोने को मजबूती मिली है। इसके अलावा अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक बाजार में अनिश्चितता बढ़ाई है। ऐसे माहौल में निवेशक जोखिम वाली संपत्तियों से पैसा निकालकर सोने जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख करते हैं। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट ने भी सोने और चांदी को सपोर्ट दिया है लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध प्रमुख गौरव गर्ग के मुताबिक, सोने में तेजी लगातार तीसरे सप्ताह भी जारी है। कमजोर अमेरिकी डॉलर और लंबी अवधि के अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट से चांदी को भी मजबूती मिली है।


अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चमकी कीमत


वैश्विक बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। शुक्रवार को हाजिर सोने की कीमत करीब 2 फीसदी बढ़कर 4,600.91 डॉलर प्रति औंस पहुंच गई। वहीं, चांदी लगभग 3 फीसदी बढ़कर 69.87 डॉलर प्रति औंस हो गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने बताया कि हाजिर सोने की कीमत करीब 4,600 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई, जो 18 मई के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। उनके मुताबिक निवेश की मजबूत मांग के साथ मुद्रा और बॉन्ड बाजार में बढ़ी अस्थिरता ने भी सोने की कीमतों को सहारा दिया है।