चांदी ने तोड़ा रिकॉर्ड, सोना भी नहीं रहा पीछे, पटना में आज 22-24 कैरेट गोल्ड के दाम आसमान पर

Bihar Gold Price:आज सोने की कीमतों में भी जोरदार तेजी देखने को मिली।....

चांदी ने तोड़ा रिकॉर्ड, सोना भी नहीं रहा पीछे- फोटो : social Media

Bihar Gold Price: पटना के ज्वेलरी बाजार में एक बार फिर कीमती धातुओं ने तेजी की चाल पकड़ ली है। लगातार उतार–चढ़ाव के बाद सोना और चांदी दोनों ने बाजार में मजबूती दिखाई है। खासतौर पर चांदी की कीमतें दोबारा ऊंचे स्तर की ओर बढ़ती नजर आ रही हैं, जिससे निवेशकों के साथ-साथ आम ग्राहकों की चिंता भी बढ़ गई है। सर्राफा कारोबारियों की मानें तो बाजार में फिलहाल अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

आज सोने की कीमतों में भी जोरदार तेजी देखने को मिली। सोना 3,500 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो गया है। सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोना आज 1,57,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर कारोबार कर रहा है। वहीं 22 कैरेट सोना 1,44,500 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है। 18 कैरेट सोने की कीमत 1,18,700 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। इन सभी रेट्स पर ग्राहकों को 3 फीसदी जीएसटी अलग से चुकाना होगा, साथ ही मेकिंग चार्ज और अन्य खर्च भी जुड़े रहेंगे।

चांदी की बात करें तो आज इसमें प्रति किलो करीब 20 हजार रुपये की तेजी दर्ज की गई है। चांदी बिस्किट का रेट 2,60,000 रुपये प्रति किलो चल रहा है। हॉलमार्क वाली चांदी 255 रुपये प्रति ग्राम, जबकि बिना हॉलमार्क चांदी 216 रुपये प्रति ग्राम के भाव पर बिक रही है।

फरवरी महीने में अब तक सर्राफा बाजार पूरी तरह वोलैटाइल ज़ोन में बना हुआ है। कभी तेजी, कभी मंदी-कीमतें रोज़ नए भाव के साथ कारोबार कर रही हैं। एक दिन सोना चमक बिखेरता है तो अगले दिन चांदी में उछाल आ जाता है, लेकिन उसके बाद अचानक गिरावट निवेशकों को चौंका देती है। यही ट्रेंड पिछले कई दिनों से लगातार बना हुआ है।

बीते दिन चांदी की कीमतों में करीब 20 हजार रुपये प्रति किलो की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। इससे बाजार में यह उम्मीद जगी थी कि ग्राहकों को थोड़ी राहत मिलेगी और खरीदारी बढ़ेगी। लेकिन यह राहत ज्यादा देर टिक नहीं सकी। आज फिर चांदी ने जोरदार वापसी करते हुए रफ्तार पकड़ ली और दामों में भारी उछाल दर्ज किया गया। लगातार बदलते रेट्स ने निवेशकों को कन्फ्यूजन में डाल दिया है खरीदें या रुकें?बाजार जानकारों का कहना है कि वैश्विक संकेतों, निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी और सुरक्षित निवेश की सोच ने सर्राफा बाजार को फिर गर्म कर दिया है। आने वाले दिनों में यह तेजी बरकरार रहती है या मुनाफावसूली से फिर गिरावट आती है इस पर अब सबकी नजर टिकी है।