Bihar Crime: होटल में रेप और मारपीट के हैवान को पुलिस ने समस्तीपुर से दबोचा, नेपाल भागने की फिराक में था शैतान

Bihar Crime: बेगूसराय में युवती के साथ होटल में हुई दरिंदगी के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। ...

Begusarai Hotel Crime Key Accused Held While Fleeing to Nepa

Bihar Crime:  बेगूसराय में युवती के साथ होटल में हुई दरिंदगी के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था। जांच के दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि वह नेपाल भागने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी तेज की और समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीनगर से उसे दबोच लिया।

मामला 27 सितंबर का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र स्थित ब्लू डायमंड होटल में युवती को कथित तौर पर चाकू की नोक पर ले जाया गया था। आरोप है कि मुख्य आरोपी रोहित कुमार युवती को होटल लेकर पहुंचा और वहां मौजूद विक्रम कुमार के हवाले कर दिया। इसके बाद विक्रम कुमार ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई।

हैवानियत का वीडियो हुआ वायरल

घटना के दौरान युवती के साथ मारपीट का वीडियो बनाया गया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। वायरल वीडियो और शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाया।

पुलिस ने होटल पहुंचने वाले युवक विक्रम कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, मुख्य आरोपी रोहित कुमार पुलिस की पकड़ से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस को छानबीन के दौरान भनक लगी कि रोहित कुमार नेपाल निकलने की तैयारी में है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी घेराबंदी शुरू कर दी।

समस्तीपुर में दबोचा गया आरोपी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोहित कुमार को समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीनगर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में और कितने लोग शामिल थे तथा वीडियो किस परिस्थिति में बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर किसने वायरल किया।इस मामले ने महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर सबकी निगाहें टिकी हैं।