Patna Crime:पटना में बीच सड़क पर छात्रा से छेड़खानी और मारपीट, शैतानों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शुरू की ताबड़तोड़ छापेमारी

Patna Crime: पटना की सरजमीं पर वहशी दरिंदों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब शरीफ और मासूम बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।...

Patna Crime Minor Girl Harassed
पटना में बीच सड़क पर छात्रा से छेड़खानी- फोटो : X

Patna Crime: पटना की सरजमीं पर वहशी दरिंदों  के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब शरीफ और मासूम बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। शहर-दर-शहर खाकी के इकबाल को चुनौती देते हुए ये शरारती और बदनीयत मनचले खुलेआम अपनी काली करतूतों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। जमुई, समस्तीपुर और बांका के बाद अब सूबे के सरकार की नाक के नीचे  पटना में एक छात्रा के साथ  संगीन घटना  ने पूरे इलाके में सनसनी और खलबली मचा दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, पटना सिटी के खाजेकलां थाना इलाके में बरकत खां का अखाड़ा के पास सोमवार की देर शाम जब दसवीं की एक छात्रा अपनी दो सहेलियों के साथ कोचिंग से अपने घर वापस लौट रही थी, तो घात लगाए बैठे शैतानों ने उसका रास्ता रोक लिया। इन हैवानों ने लड़की के साथ बदसलूकी, छेड़खानी और शर्मनाक हरकतें शुरू कर दीं। जब बेकसूर छात्रा ने इस घिनौनी हरकत का विरोध किया, तो इन बेरहम हैवानों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जख्मी कर दिया।

छात्राओं की चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, तो ये दरिंदे मौके से फरार हो गए। इस सिलसिले में पीड़िता ने मंगलवार को खाजेकलां थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने तफ्तीश शुरू करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, जिसमें दोनों मनचलों के चेहरे बेनकाब हो गए हैं। एएसपी राजकिशोर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मुजरिमों की शिनाख्त कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

एक अन्य संगीन मामले में, शास्त्रीनगर थाने की पुलिस ने एक छात्रा के साथ बलात्कार (दुष्कर्म) के मुख्य मुजरिम बॉबी समेत तीन लोगों को शिकंजे में लेकर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस की तफ्तीश में यह बात सामने आई कि वारदात को अंजाम देने के लिए एक होटल के कमरे का इस्तेमाल किया गया था, जिसके चलते पुलिस ने नालंदा के रहने वाले होटल संचालक जितेंद्र कुमार और रामकृष्णा नगर के दिनेश कुमार को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। खाकी की इस कार्रवाई से अपराधियों में खौफ का माहौल है।