टाटा ग्रुप में फिर बढ़ा विवाद, एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को हाईकोर्ट में चुनौती

टाटा ट्रस्ट की तत्काल मांग है कि 30 नवंबर को होने वाली टाटा संस की बोर्ड बैठक में अध्यक्ष को नामित निदेशकों के बीच मतभेद की स्थिति में निर्णायक वोट इस्तेमाल करने से रोका जाए। ट्रस्ट को आशंका है कि इस तरह आगे भी फैसले लिए जा सकते हैं।

Reappointment of N Chandrasekaran- फोटो : news4nation

Tata : देश के बड़े कारोबारी समूह टाटा ग्रुप में एक बार फिर अंदरूनी विवाद सामने आया है। टाटा ट्रस्ट के दो प्रमुख ट्रस्टों ने टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी है। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आर.डी. टाटा ट्रस्ट ने टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। दोनों ट्रस्टों ने कुल 65 करोड़ रुपये के हर्जाने के साथ 18 प्रतिशत सालाना ब्याज की मांग की है। 

 

17 सितंबर के फैसले को बताया अवैध

विवाद की जड़ 17 सितंबर को हुई टाटा संस की बोर्ड बैठक है। इस बैठक में एन चंद्रशेखरन को पांच साल के एक और कार्यकाल के लिए कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त करने का फैसला लिया गया था। टाटा ट्रस्ट का आरोप है कि यह प्रस्ताव कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (AoA) के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी समर्थन हासिल नहीं कर पाया। इसलिए यह नियुक्ति वैध नहीं है।


ट्रस्ट के मुताबिक, इस अनुच्छेद के तहत बोर्ड के फैसले के लिए टाटा ट्रस्ट की ओर से नामित निदेशकों के बहुमत का समर्थन जरूरी है। बोर्ड में ट्रस्ट के दो नामित निदेशक नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन हैं। 17 सितंबर की बैठक में नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की नियुक्ति के खिलाफ वोट दिया, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने समर्थन किया। इसके बाद बैठक की अध्यक्षता कर रहे हरीश मनवानी ने निर्णायक वोट का इस्तेमाल करते हुए नियुक्ति के पक्ष में फैसला कराया। ट्रस्ट का कहना है कि निर्णायक वोट अनुच्छेद 121 की शर्त को पूरा नहीं कर सकता। 

 

30 नवंबर की बैठक से पहले कोर्ट पहुंचा मामला

टाटा ट्रस्ट की तत्काल मांग है कि 30 नवंबर को होने वाली टाटा संस की बोर्ड बैठक में अध्यक्ष को नामित निदेशकों के बीच मतभेद की स्थिति में निर्णायक वोट इस्तेमाल करने से रोका जाए। ट्रस्ट को आशंका है कि इस तरह आगे भी फैसले लिए जा सकते हैं। टाटा ट्रस्ट के पास टाटा संस की करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है। वहीं, टाटा संस का पक्ष है कि 17 सितंबर को चंद्रशेखरन की नियुक्ति का प्रस्ताव वैध तरीके से पारित हुआ था। अब इस विवाद का फैसला अदालत में होना है। 

 

इस मामले में अदालत का रुख टाटा ग्रुप के भविष्य के बोर्ड फैसलों और कंपनी के संचालन से जुड़े अधिकारों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।