अनंत सिंह की बेटी की शादी में घुड़दौड़ देखने पहुंचे तीन लोगों की मौत, इलाके में मचा हड़कंप

भीड़ के बीच बेगूसराय निवासी करीब 55 वर्षीय अरविंद कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें इलाज के लिए बाढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई

Anant Singhs daughter wedding Horse Racing Event
Anant Singhs daughter wedding Horse Racing Event - फोटो : news4nation

Bihar News : मोकामा विधायक अनंत सिंह की ओर से आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने पहुंचे तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें एक व्यक्ति की मौत घुड़दौड़ स्थल पर अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई, जबकि बाइक से घर लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में जान चली गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घुड़दौड़ देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटे थे। भीड़ इतनी बढ़ गई कि अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए प्रतियोगिता स्थगित करनी पड़ी।


बेटी की शादी में रखी गई थी भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता

दरअसल, 25 नवंबर को मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी के मौके पर पटना के नदावां गांव में भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इस आयोजन को लेकर कई दिनों से तैयारी चल रही थी। प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग हिस्सों से कई घोड़े पहुंचे थे। विजेता के लिए महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर आने वाले के लिए बाइक और तीसरे स्थान के लिए स्कूटी का इनाम रखा गया था। इस अनोखे आयोजन को देखने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी लोग पहुंचे थे। 

 

मैदान से लेकर बिजली के टावर तक चढ़े लोग

घुड़दौड़ देखने के लिए भीड़ का आलम यह था कि मैदान में जगह कम पड़ गई। बेहतर नजारा देखने के लिए कुछ लोग पेड़ों और बिजली के टावरों तक पर चढ़ गए। अनंत सिंह ने खुद माइक संभालकर लोगों से नीचे उतरने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इसके बावजूद भीड़ कम नहीं हुई। 


आखिरकार सुरक्षा और अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला स्थगित करने का ऐलान करना पड़ा। आयोजन के कारण नदावां जाने वाले रास्तों पर करीब 10 किलोमीटर तक जाम लग गया। जाम हटाने और यातायात सामान्य कराने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। 

 

बेगूसराय के व्यक्ति की अचानक बिगड़ी तबीयत

इसी भीड़ के बीच बेगूसराय निवासी करीब 55 वर्षीय अरविंद कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें इलाज के लिए बाढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर, नालंदा के सरमेरा थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे-33 पर इसुआ गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बेलदरिया गांव के जितेंद्र कुमार और शिवशंकर कुमार की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।