कभी रिहाई तो कभी जेल! आनंद मोहन को लेकर तेजस्वी ने नीतीश-भाजपा पर साधा निशाना

दिसंबर 1994 में मुजफ्फरपुर में एक भीड़ ने गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी और आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उस समय आनंद मोहन विधायक थे और वे गैंगस्टर छोटन शुक्ला की शवयात्रा में शामिल थे।

Tejashwi Yadav on Anand Mohan
Tejashwi Yadav on Anand Mohan- फोटो : news4nation

Bihar News :  आनंद मोहन की रिहाई और सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस पूरे प्रकरण पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा को निशाने पर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब नीतीश कुमार और भाजपा को आनंद मोहन से राजनीतिक फायदा दिखाई देता है, तब उन्हें जेल से बाहर निकलवा दिया जाता है और जब कोई फायदा या काम नहीं रहता, तो उन्हें दोबारा जेल के अंदर करवाने की स्थिति बना दी जाती है। तेजस्वी के इस बयान ने आनंद मोहन की रिहाई और अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राजनीतिक बहस को फिर तेज कर दिया है।


तेजस्वी यादव ने कहा कि आनंद मोहन के मामले में नीतीश कुमार और भाजपा का रवैया राजनीतिक फायदे के हिसाब से बदलता रहा है। उनके इस बयान के बाद 1994 के जी. कृष्णैया हत्याकांड से लेकर आनंद मोहन की रिहाई और अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश तक का पूरा घटनाक्रम एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

क्या है आनंद मोहन प्रकरण?

दरअसल, दिसंबर 1994 में मुजफ्फरपुर में एक भीड़ ने गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी और आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उस समय आनंद मोहन विधायक थे और वे गैंगस्टर छोटन शुक्ला की शवयात्रा में शामिल थे। आरोप था कि उन्होंने भीड़ को उकसाया था। इस मामले में निचली अदालत ने 2007 में आनंद मोहन को फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, दिसंबर 2008 में पटना हाईकोर्ट ने सजा को उम्रकैद में बदल दिया। जुलाई 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने भी इस फैसले को बरकरार रखा।

2023 में कैसे हुई थी रिहाई?

अप्रैल 2023 में बिहार सरकार ने जेल मैनुअल के नियमों में संशोधन किया। इसके तहत ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों की समयपूर्व रिहाई पर लगी रोक हटा दी गई। इसके बाद 24 अप्रैल 2023 को आनंद मोहन को करीब 14 साल जेल में रहने के बाद रिहा कर दिया गया। इस फैसले को जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।

सुप्रीम कोर्ट ने अब क्या कहा?

26 नवंबर 2026 को जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने बिहार सरकार के संशोधन को असंवैधानिक करार देते हुए आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का आदेश रद्द कर दिया। कोर्ट ने उन्हें एक महीने के भीतर जेल प्रशासन के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया है। हालांकि, कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि सरेंडर के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत उनकी रिहाई पर नए सिरे से विचार किया जा सकता है। इस प्रक्रिया में जी. कृष्णैया की पत्नी को भी अपना पक्ष रखने का अवसर देना होगा।