बिहार में चलती ट्रेन में खूनी वारदात, परिवहन विभाग की अधिकारी के पति को सीने में मारी गोली

चलती ट्रेन में बदमाशों ने देव कुमार से छिनतई का प्रयास किया। जब यात्री ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।

Firing in Khagaria- फोटो : news4nation

Bihar News :  खगड़िया जिले के मानसी-सहरसा रेलखंड पर गुरुवार की रात एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई। अमृतसर से नरपतगंज जा रही 14604 डाउन जनसाधारण एक्सप्रेस में बदमाशों ने लूटपाट के दौरान एक यात्री को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल यात्री की पहचान झारखंड के गोड्डा निवासी प्रकाश वर्द्धन के पुत्र देव कुमार गुंजन (37 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देव कुमार गुंजन अपनी पत्नी के पास सुपौल जा रहे थे। उनकी पत्नी सुपौल जिले में परिवहन विभाग में पदस्थापित अधिकारी हैं। घटना गुरुवार रात करीब 8:30 बजे मानसी रेलवे स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद बदलाघाट रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले हुई।


जानकारी के अनुसार, चलती ट्रेन में बदमाशों ने देव कुमार से छिनतई का प्रयास किया। जब उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके सीने में लगी, जिससे ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रेन को बदलाघाट रेलवे स्टेशन पर रुकवाया। मानसी जीआरपी एवं स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल यात्री को ट्रेन से उतारकर तत्काल खगड़िया सदर अस्पताल भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया, जहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।


मानसी रेल थाना अध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि ट्रेन में एक यात्री को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। घायल यात्री को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


वहीं मानसी थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि रात्रि में सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और ट्रेन को रुकवाकर घायल यात्री को बाहर निकालकर इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेजा गया। वहां से बेहतर इलाज हेतु बेगूसराय रेफर किया गया है। फिलहाल घायल की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

अमित की रिपोर्ट