सासाराम का अभिषेक गोस्वामी हत्याकांड: मुख्य आरोपी अजय सोनी सहित तीन सगे भाई गिरफ्तार, आपसी रंजिश में मारी थी गोली

सासाराम के नवरत्न बाजार में हुए बहुचर्चित अभिषेक गोस्वामी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मर्डर मिस्ट्री का खुलासा कर दिया है और मुख्य आरोपी सहित तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है....

अभिषेक गोस्वामी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र स्थित नवरत्न बाजार में बीते रात हुए सनसनीखेज अभिषेक गोस्वामी हत्याकांड में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़े गए तीनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं। पुलिस की गिरफ्त में आए इन अपराधियों की पहचान मुख्य अभियुक्त अजय सोनी, पंकज सोनी और राजू सोनी के रूप में की गई है। पुलिस तीनों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।


पैसों का लेनदेन और पुरानी रंजिश बनी हत्या की मुख्य वजह

पुलिस के शुरुआती अनुसंधान में यह बात साफ हो गई है कि इस दुस्साहसिक वारदात को आपसी रंजिश और पैसों के पुराने विवाद को लेकर अंजाम दिया गया था। मृतक अभिषेक गोस्वामी और आरोपियों के बीच लंबे समय से पैसों को लेकर खींचतान चल रही थी, जिसने बीते रात हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने अभिषेक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस घटना के बाद से ही इलाके में तनाव और दहशत का माहौल व्याप्त था, जिसे देखते हुए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।


मृतक और आरोपी दोनों का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास

सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पकड़ा गया मुख्य आरोपी अजय सोनी बेहद शातिर किस्म का अपराधी है और उस पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मृतक अभिषेक गोस्वामी का खुद का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। साल 2020 में हुए चर्चित भुवर चंद्रवंशी हत्याकांड में अभिषेक गोस्वामी मुख्य आरोपी था और जेल में बंद था, जो साल 2021 में जमानत (बेल) पर छूटकर बाहर आया था।


मौके से जिंदा कारतूस और खोखा बरामद, हथियार की तलाश में छापेमारी जारी

वारदात की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का मुआयना किया था। हालांकि, पुलिस ने इस हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए मुख्य हथियार को अब तक बरामद नहीं किया है, लेकिन घटना स्थल से पुलिस को तीन जिंदा कारतूस तथा दो खोखा बरामद हुए हैं। एसडीपीओ ने कहा कि अपराधियों ने जिस हथियार से गोली मारी थी, उसे बरामद करने के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे भी जब्त कर लिया जाएगा।


मृतक के भाई ने दर्ज कराया मामला, सात लोग बनाए गए नामजद अभियुक्त

इस संबंध में मृतक अभिषेक गोस्वामी के भाई अमित गोस्वामी ने नगर थाना में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। अमित के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है, जिसमें कुल सात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीन सगे भाइयों की गिरफ्तारी के बाद अब प्राथमिकी में शामिल शेष चार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा दिया गया है और उन्हें भी बहुत जल्द सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


रंजन कुमार की रिपोर्ट