आरा में एक करोड़ की चोरी का दावा, बंद मकान की खिड़की तोड़कर चोरों ने उड़ाए नकदी और गहने, एफएसएल टीम ने जुटाए सुराग
Bihar Crime: मिनिस्टीरियल क्वार्टर में एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर लाखों रुपये की नकदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।...
Bhojpur: जिले के आरा शहर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। नवादा थाना क्षेत्र स्थित मिनिस्टीरियल क्वार्टर में एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर लाखों रुपये की नकदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार ने चोरी में करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति के नुकसान का दावा किया है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बजरंगी प्रसाद गुप्ता, जो मिनिस्टीरियल प्लांट क्वार्टर संख्या 08/A के निवासी हैं, ने नवादा थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। पीड़ित ने बताया कि वह अपनी बेटी के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए पटना गए थे। करीब दो दिन बाद जब वह 2 अगस्त को वापस लौटे तो घर का हाल देखकर उनके होश उड़ गए।
पीड़ित के मुताबिक, चोरों ने मकान की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर को खंगाल डाला। कमरे में रखी गोदरेज अलमारी, बक्से, पलंग और अन्य सामान बिखरे पड़े थे। आवेदन में बताया गया है कि चोर घर से 1.80 लाख रुपये नकद, करीब 98 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, एक लैपटॉप और अन्य कीमती घरेलू सामान लेकर फरार हो गए।
बजरंगी प्रसाद गुप्ता ने चोरी से हुए कुल नुकसान का अनुमान करीब एक करोड़ रुपये लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट समेत अन्य संभावित साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया है, ताकि चोरों तक पहुंचने में मदद मिल सके।
फिलहाल नवादा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस चोरी के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगालने की तैयारी में है। हालांकि चोरी गए सामान और नुकसान की वास्तविक कीमत का आकलन पुलिस जांच और सत्यापन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इस वारदात के बाद मिनिस्टीरियल क्वार्टर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बंद मकान को निशाना बनाकर हुई इस बड़ी चोरी ने स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश पैदा कर दिया है।
रिपोर्ट-आशीष कुमार