Bihar News: सहरसा में पत्रकारों से बदसलूकी के खिलाफ बेगूसराय में फूटा गुस्सा, डीएम को ज्ञापन
Bihar News: बेगूसराय में सहरसा की घटना के विरोध में पत्रकारों ने आवाज बुलंद करते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया...
Bihar News: बेगूसराय में सहरसा की घटना के विरोध में सोमवार को पत्रकारों ने आवाज बुलंद करते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। सहरसा में प्रभात खबर डिजिटल से जुड़े पत्रकारों के साथ डॉक्टर द्वारा कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और मारपीट किए जाने के मामले को लेकर जिले के पत्रकारों और बुद्धिजीवियों में नाराजगी देखी गई। जिला पत्रकार संघ के बैनर तले विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन से पहले पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल बेगूसराय के जिलाधिकारी रिची पांडेय से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पत्रकारों की सुरक्षा पुख्ता करने, समाचार संकलन के दौरान उनके साथ होने वाली बदसलूकी और मारपीट की घटनाओं पर फौरन कार्रवाई करने तथा पत्रकारों के हितों और सम्मान की हिफाजत के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।
पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया समाज और प्रशासन के बीच अहम कड़ी का काम करता है। पत्रकार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए विभिन्न घटनाओं और मुद्दों को जनता के सामने लाते हैं। ऐसे में समाचार संकलन के दौरान उनके साथ कथित दुर्व्यवहार, धमकी या मारपीट की वारदातें स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए गंभीर चिंता का सबब हैं।
सोमवार दोपहर करीब तीन बजे बड़ी तादाद में पत्रकार प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान सहरसा प्रकरण को लेकर नाराजगी जताई गई और पत्रकारों की सुरक्षा, गरिमा तथा अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई गई।जिला पत्रकार संघ ने स्पष्ट किया कि पत्रकार अपने अधिकारों और सम्मान की हिफाजत के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से सहरसा की घटना की निष्पक्ष तहकीकात कर दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में पत्रकारों के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति पर लगाम लग सके।
रिपोर्ट- अजय शास्त्री