Bihar Crime: बिहार में हथियार का प्रदर्शन, दो युवक धराए, एक को छोड़ने पर पुलिस पर उठे सवाल
Bihar Crime: हथियार लहराने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
Bihar Crime: बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सूजा गांव में हथियार लहराने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में एक युवक के हाथ में हथियार नजर आने का दावा किया जा रहा है। इसी बीच हथियार के प्रदर्शन का विरोध करने वाले युवक के साथ मारपीट किए जाने का भी गंभीर इल्जाम सामने आया है।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक, गांव में कुछ युवक कथित तौर पर हथियार का प्रदर्शन कर रहे थे। इसका विरोध करने पर एक युवक को निशाना बनाया गया। आरोप है कि उसके साथ हथियार के बट और लाठी-डंडे से बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह जख्मी हो गया। वारदात के बाद पीड़ित पक्ष ने मुफस्सिल थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई। हालांकि, पीड़ित पक्ष का दावा है कि इनमें से एक युवक को बाद में छोड़ दिया गया। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवालिया निशान लग गया। परिवार का आरोप है कि हिरासत से बाहर आने के बाद उक्त युवक ने शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष तहकीकात और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सवाल यह भी है कि यदि वायरल वीडियो में हथियार की मौजूदगी की पुष्टि होती है और मारपीट के आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी के खिलाफ पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, हथियार की मौजूदगी, मारपीट और धमकी के आरोपों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हकीकत सामने आएगी। मगर इस प्रकरण ने इलाके में बदमाशों के कथित बढ़ते मनोबल और पुलिस की कार्रवाई को लेकर बहस जरूर छेड़ दी है।
रिपोर्ट- अजय शास्त्री