Bihar Crime: देह व्यापार और जबरन डांस कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 10 लड़कियां मुक्त, 5 गिरफ्तार
Bihar Crime: नाबालिग एवं बालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर तथा कथित तौर पर जबरन नृत्य कराने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
Bihar Crime: भोजपुर जिले में नाबालिग एवं बालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर तथा कथित तौर पर जबरन नृत्य कराने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। ‘नया सवेरा-3.0’ अभियान के तहत भोजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने मौके से कुल 10 बालिग एवं नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। साथ ही तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। इस संबंध में भोजपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 19 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, धोबहां थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धोबहां बगईचा क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा नाबालिग एवं बालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर तथा जबरन एक स्थान पर बंद रखकर उनसे नृत्य का काम कराया जा रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, भोजपुर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां टिन एवं करकट से घिरे एक मकान के अंदर से लड़कियों के बोलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद पुलिस टीम ने मकान के अंदर जांच की, जहां कई लड़कियां मौजूद मिलीं।
महिला पुलिस पदाधिकारी की मौजूदगी में जांच करने पर वहां कुल 10 बालिग एवं नाबालिग लड़कियां पाई गईं। पूछताछ के दौरान लड़कियों ने बताया कि उन्हें बहला-फुसलाकर यहां लाया गया था और उनसे नृत्य का काम कराया जाता था। पुलिस के अनुसार, संगठित रूप से इस गतिविधि को संचालित किया जा रहा था तथा आसपास के क्षेत्रों की लड़कियों को भी लाकर इस काम में लगाया जाता था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए धोबहां थाना कांड संख्या 104/2026, दिनांक 19 नवंबर 2026 के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपितों में गोपाल कहार, पिता- रविंद्र कहार, ग्राम- शुकुलपुरा, थाना- धोबहां; मोहम्मद फैजान आलम, पिता- मोहम्मद इनाम, ग्राम- छतुपर, थाना- चांदी तथा सतीश कुमार, पिता- सुरेंद्र पासवान, ग्राम- गोवर्धन चौक, थाना- बड़हरा, जिला- भोजपुर शामिल हैं। इनके अलावा दो महिला आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया है।
तीन मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में पुलिस आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। भोजपुर पुलिस की इस कार्रवाई को नाबालिग एवं बालिग लड़कियों के शोषण और उनके साथ जबरन कराए जा रहे कार्यों के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा तथा ऐसे संगठित गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अभियान जारी रहेगा।
रिपोर्ट- आशीष कुमार