Bihar Crime: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, आरा में ताबड़तोड़ फायरिंग से दो दोस्तों की मौत
Bihar Crime: आरा में शादी की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब समारोह के पास अचानक गोलियां तड़तड़ाने लगीं।...
Bihar Crime: आरा में शादी की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब समारोह के पास अचानक गोलियां तड़तड़ाने लगीं। हथियारबंद हमलावरों ने तीन दोस्तों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में दो युवकों की जान चली गई, जबकि तीसरा गोली लगने से घायल हो गया। वारदात के बाद शादी समारोह में अफरातफरी मच गई और परिजनों के बीच कोहराम छा गया।
घटना मंगलवार देर रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव की है। जानकारी के मुताबिक, शुभकरण गंज निवासी 18 वर्षीय राहुल कुमार और 22 वर्षीय दीपक कुमार अपने दोस्त दौलतपुर निवासी 18 वर्षीय सोनू कुमार के साथ मामा की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। रात करीब 11 बजे समारोह के पास तीनों पर हमला किया गया। हमलावरों ने बिना किसी हिचक के गोलियां चलाईं, जिसकी चपेट में तीनों युवक आ गए।
गोली लगने से राहुल और दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सोनू घायल हो गया। उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, घायल युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। हालांकि, इस घटना ने शादी वाले घर की खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। सदर एसडीपीओ-वन सुशील कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की बात सामने आई है। घटनास्थल से तीन खोखा और एक पिलेट बरामद किया गया है। मामले के खुलासे और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित की गई है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल हमलावरों की पहचान और गोलीबारी के पीछे की वजह की जांच जारी है।
रिपोर्ट- आशीष कुमार