संदिग्ध मौत या साजिश? दूसरी शादी के बाद युवक की मौत पर परिवार ने लगाए गंभीर आरोप, अररिया में मिला शव

मृतक के परिजनों ने दूसरी पत्नी के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Bhagalpur- फोटो : news4nation

Bihar News : नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतीपाकर गांव निवासी 32 वर्षीय युवक की अररिया जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक के परिजनों ने दूसरी पत्नी के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतीपाकर निवासी मो. सावर के 32 वर्षीय पुत्र मो. जुबेर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका शव अररिया जिले के बोकड़ा मिल चौक के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।



मृतक की मां हबीसा खातून ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का मोबाइल फोन तीन दिन पहले ही दूसरी पत्नी के ससुराल वालों ने छीन लिया था। उनका कहना है कि करीब तीन वर्ष पहले बेटे की दूसरी शादी हुई थी, जिसके बाद से ससुराल पक्ष के लोग उसे अपने पैतृक घर आने से रोकते थे। उन्होंने दावा किया कि इस बार मोहर्रम के अवसर पर काफी आग्रह के बाद जुबेर अपने घर आया था। इसके बाद से दूसरी पत्नी के ससुराल पक्ष की ओर से उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं।



घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक की पहली पत्नी पति की मौत की खबर सुनते ही बदहवास हो गई। वह अपने दो वर्षीय बेटे को गोद में लेकर बार-बार विलाप करती रही। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिवार के सदस्यों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।



वहीं पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा वैज्ञानिक जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बाल मुकुंद की रिपोर्ट