Crime News: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर केस कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमला,चलती ट्रेन में खूनखराबे से मचा हड़कंप

Crime News:देश की धार्मिक और कानूनी हलकों में हलचल मचाने वाले एक सनसनीखेज मामले में चलती ट्रेन में जानलेवा हमले की खबर सामने आई है।...

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर केस कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमला- फोटो : social Media

Crime News:देश की धार्मिक और कानूनी हलकों में हलचल मचाने वाले एक सनसनीखेज मामले में चलती ट्रेन में जानलेवा हमले की खबर सामने आई है। बटुकों से कथित यौन उत्पीड़न के मामले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी उर्फ आशुतोष महाराज पर अज्ञात हमलावर ने हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि आशुतोष महाराज रीवा एक्सप्रेस से गाजियाबाद से प्रयागराज की यात्रा कर रहे थे। वह ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 5 बजे सिराथू रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात हमलावर ने उन पर अचानक धारदार हथियार से हमला बोल दिया।

पीड़ित के मुताबिक हमलावर ने उनकी नाक काटने की कोशिश की और चेहरे व हाथ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दौरान काफी खून बहने लगा और ट्रेन के अंदर अफरा-तफरी मच गई।

आशुतोष ब्रह्मचारी ने बताया कि किसी तरह वह हमलावर के चंगुल से खुद को छुड़ाकर भागे और ट्रेन के टॉयलेट में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। वहीं से उन्होंने तुरंत जीआरपी को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।

आशुतोष महाराज ने इस हमले के पीछे सीधे तौर पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य मुकुंदानंद समेत अन्य लोगों पर साजिश का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने कोर्ट में अहम सबूत पेश करने की तैयारी की थी, जिससे आरोपियों को जमानत मिलने में मुश्किल हो सकती थी। इसी वजह से उन पर हमला करवाया गया।

हालांकि दूसरी ओर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह सब एक सोची-समझी साजिश और दिखावा है। उनके मुताबिक आशुतोष महाराज मीडिया में सुर्खियां बटोरने और सुरक्षा हासिल करने के लिए इस तरह के आरोप लगा रहे हैं।

इस बीच सोशल मीडिया पर एक और सनसनी फैल गई, जब “डॉ. स्वाति अघोरी” नाम के फेसबुक अकाउंट से इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। 

फिलहाल जीआरपी ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर कौन था, हमले के पीछे असली साजिश क्या है और सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने वाले अकाउंट की सच्चाई क्या है।