Bihar Crime: स्टेशन पहुंचाने के बहाने छात्रा को ऑटो में बैठाया, सुनसान जगह ले जाकर किया दुष्कर्म, बिहार में हैवानियत!

Bihar Crime: एक ऑटो चालक ने भरोसे को हथियार बनाकर 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा को अपनी हवस का शिकार बना लिया।...

छात्रा से दुष्कर्म- फोटो : X

Bihar Crime:  औरंगाबाद जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक ऑटो चालक ने भरोसे को हथियार बनाकर 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा को अपनी हवस का शिकार बना लिया। स्टेशन पहुंचाने का झांसा देकर आरोपी ने पहले छात्रा को ऑटो में बैठाया और फिर मुख्य रास्ते से भटकाकर करीब 24 किलोमीटर दूर एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पीड़िता की सूझबूझ और हिम्मत के आगे उसकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। पुलिस ने पीछा करते हुए पहुंचे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना जम्होर थाना क्षेत्र की है।

स्टेशन जाने के लिए वाहन का कर रही थी इंतजार

जानकारी के अनुसार, कैमूर जिले की रहने वाली छात्रा किसी काम से औरंगाबाद आई थी। सोमवार की शाम वह जसोइया के पास एएन रोड स्टेशन जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान जम्होर थाना क्षेत्र के कर्मा गांव निवासी ऑटो चालक रौशन यादव वहां पहुंचा। उसने छात्रा को भरोसा दिलाया कि वह उसे सुरक्षित स्टेशन पहुंचा देगा। उसकी बातों में आकर नाबालिग ऑटो पर सवार हो गई।

24 किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर ले गया आरोपी

आरोप है कि स्टेशन जाने के बजाय चालक ने ऑटो दूसरे रास्ते पर मोड़ दिया। वह छात्रा को शहर से करीब 24 किलोमीटर दूर कारा-दिहरा मुख्य पथ पर परसिया गांव के समीप स्थित एक सीमेंटेड बिक्स प्लांट के पास ले गया। सुनसान जगह पर आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया।

हिम्मत दिखाकर पीड़िता पहुंची बाजार, आरोपी गिरफ्तार

वारदात के बाद पीड़िता किसी तरह वहां से निकली। रास्ते से गुजर रहे एक वाहन से लिफ्ट लेकर वह कारा बाजार पहुंची। वहां स्थानीय लोगों की मदद से डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। इसी बीच आरोपी भी उसका पीछा करते हुए बाजार पहुंच गया। पीड़िता ने उसे पहचान लिया और पुलिस को उसकी जानकारी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रौशन यादव को गिरफ्तार कर लिया।जम्होर थानाध्यक्ष दीपक कुमार राय ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की गई है। पुलिस के अनुसार, उसने अपना अपराध स्वीकार किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्टेशन पहुंचाने के भरोसे पर निकली छात्रा के साथ हुई इस दरिंदगी ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है।