Bihar Love Affair: अस्पताल बना इश्क का अखाड़ा, 3 बच्चों के बाप और 5 बच्चों की मां के प्यार ने मचाया रण, जमकर चले लाठी-डंडे

Bihar Love Affair: इश्क अगर अंधा होता है तो कभी-कभी पूरा मोहल्ला भी उसकी बारात में शामिल हो जाता है बस फर्क इतना है कि यहां फूलों की जगह लाठी-डंडे चलने लगते हैं।

अस्पताल बना इश्क का अखाड़ा- फोटो : social Media

Bihar Love Affair: इश्क अगर अंधा होता है तो कभी-कभी पूरा मोहल्ला भी उसकी बारात में शामिल हो जाता है बस फर्क इतना है कि यहां फूलों की जगह लाठी-डंडे चलने लगते हैं। मंगलवार को औरंगाबाद सदर अस्पताल का नजारा कुछ ऐसा ही रहा। अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड इलाज कम और प्रेम प्रसंग की लाइव पंचायत ज्यादा नजर आया। करीब दो घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे ने अस्पताल में मौजूद मरीजों और परिजनों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया कि वे इलाज कराने आए हैं या प्रेम कहानी का क्लाइमेक्स देखने।मामला तब गरमाया जब खबर फैली कि एक तीन बच्चों का पिता अपनी पहली पत्नी को छोड़कर एक पांच बच्चों की मां से कथित तौर पर शादी करने की तैयारी में है। दोनों पहले से शादीशुदा बताए जा रहे हैं। यानी प्रेम कहानी में किरदार कम नहीं, बल्कि परिवार की पूरी कास्टिंग पहले से तैयार थी।

बताया गया कि दोनों कोर्ट में शादी करने पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही दोनों के परिवारों को इस इश्क की खबर लगी, रिश्तेदारों ने कोर्ट को प्रेम विवाह का मंच बनने से पहले ही ‘युद्ध क्षेत्र’ में बदल दिया। युवक की जमकर पिटाई कर दी गई। घायल युवक किसी तरह शादी के दस्तावेज लेकर इलाज कराने सदर अस्पताल पहुंचा। उसे क्या पता था कि अस्पताल में भी इस प्रेम कहानी का दूसरा एपिसोड उसका इंतजार कर रहा है।

अस्पताल में इलाज कम, इश्क का हिसाब ज्यादा

युवक के अस्पताल पहुंचते ही उसके परिजन भी वहां पहुंच गए। दूसरी तरफ महिला के परिजन और ससुराल पक्ष के लोग भी पहुंच गए। फिर शुरू हुआ आरोप-प्रत्यारोप का ऐसा सिलसिला कि अस्पताल का माहौल देखते ही देखते गरमा गया।कहानी में गहनों का एंगल भी सामने आया। बताया गया कि युवक ने महिला को कुछ आभूषण दिए थे। युवक के परिजनों का आरोप था कि ये गहने उनकी भतीजी की शादी के लिए खरीदे गए थे। अब गहने किसके थे और किसके पास पहुंचे, इस सवाल ने प्रेम कहानी में ‘जेवर वाला ट्विस्ट’ डाल दिया।

देखते ही देखते बात जुबानी जंग से हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि महिला के साथ भी मारपीट हुई और अस्पताल परिसर में लाठी-डंडे चलने लगे। अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्षों का गुस्सा शायद किसी मेडिकल रिपोर्ट से ज्यादा गर्म था।

पुलिस आई तो प्रेम कहानी का ‘ब्रेक’

हंगामे की खबर मिलते ही नगर थाना पुलिस और डायल-112 की टीम सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को कार्रवाई की चेतावनी दी तो कुछ देर में माहौल ठंडा पड़ा। पुलिस सभी संबंधित लोगों को अपने साथ नगर थाना ले गई।थाने में समझाने-बुझाने के बाद कहानी का फिलहाल ऐसा अंत हुआ, जिसकी उम्मीद शायद किसी को नहीं थी। दोनों पक्षों ने प्राथमिकी दर्ज कराने से इनकार कर दिया। आखिरकार पुलिस ने समझाकर सभी को घर भेज दिया।

चार परिवारों की शांति पर एक प्रेम कहानी भारी

जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वाजितपुर गांव निवासी युवक पहले से शादीशुदा है। उसका दूसरी शादीशुदा महिला से संपर्क था। महिला के पहले से पांच बच्चे हैं, जबकि युवक तीन बच्चों का पिता बताया जा रहा है। दोनों कथित तौर पर एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे।लेकिन इस प्रेम प्रसंग ने दोनों परिवारों के बीच तनाव पैदा कर दिया। मंगलवार को सदर अस्पताल में हुआ बवाल उसी विवाद का नतीजा बताया जा रहा है।

सदर अस्पताल प्रबंधक प्रफुल्ल कांत निराला के मुताबिक अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस को जानकारी दी गई थी। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रित हुई।

फिलहाल इस अनोखे प्रेम प्रसंग का मामला थाने की फाइल में किसी मुकदमे के रूप में दर्ज नहीं हुआ है। मगर मंगलवार को औरंगाबाद सदर अस्पताल ने यह जरूर देख लिया कि प्रेम में उम्र, शादी और बच्चों की संख्या चाहे जितनी हो, जब परिवार आमने-सामने आ जाएं तो अस्पताल भी अखाड़ा बनने में ज्यादा वक्त नहीं लेता।

रिपोर्ट- हीरेश कुमार