बगहा पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर हत्या मामले का किया खुलासा, पत्नी की हत्या के आरोपी पति को किया गिरफ्तार

बगहा पुलिस ने हत्या के बड़े मामले का महज 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड मे सबसे बड़ी बात यह है कि घटना को मृतिका के पति ने ही अंजाम दिया था.....

पत्नि के हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार- फोटो : आशीष

Bagha : पुलिस जिला बगहा से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक कलयुगी पति ने अपनी ही पत्नी की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, शातिर आरोपी ने कानून की आंखों में धूल झोंकने और इस जघन्य हत्याकांड को आत्महत्या का रूप देने के लिए मृतका के शव को एक बगीचे में पेड़ से लटका दिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और वैज्ञानिक अनुसंधान के सामने आरोपी की यह चालाकी ज्यादा देर टिक नहीं सकी और बगहा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है।


बगीचे में मिला था महिला का शव

वारदात के संबंध में जानकारी देते हुए बगहा पुलिस अधीक्षक (SP) रामानंद कौशल ने बताया कि बुधवार की शाम लौकरिया थाना क्षेत्र के गरकट्टी गांव के समीप एक बगीचे में आम के पेड़ से एक विवाहिता का शव लटका होने की सूचना स्थानीय चौकीदार और ग्रामीणों द्वारा पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में स्थानीय पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।


एफएसएल की टीम ने की वैज्ञानिक जांच

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बगहा सदर एसडीपीओ रागिनी कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की मुजफ्फरपुर से आई टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया। शव की स्थिति और घटनास्थल के हालातों को देखकर प्रथम दृष्ट्या ही मामला संदिग्ध लग रहा था। वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन और मृतका के परिजनों से की गई शुरुआती पूछताछ के बाद पुलिस की शक की सुई मृतका के पति गौतम काजी पर जाकर टिक गई।


हिरासत में टूट गया हत्यारा पति

संदेह के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति गौतम काजी को हिरासत में ले लिया। पुलिसिया पूछताछ में शुरुआत में तो वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन जब एफएसएल और वैज्ञानिक जांच के सबूत उसके सामने रखे गए तो वह टूट गया। आरोपी गौतम काजी ने अपना गुनाह कबूल करते हुए स्वीकार किया कि उसने ही अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या की थी और बाद में साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को फंदे के सहारे पेड़ से लटका दिया था ताकि लोग इसे खुदकुशी समझें।


दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज, चलेगा स्पीडी ट्रायल

एसपी रामानंद कौशल ने बताया कि इस मामले में मृतका के बेबस पिता के लिखित आवेदन पर लौकरिया थाने में आरोपी पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या की सुसंगत धाराओं के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने हत्यारे पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस कप्तान ने दावा किया है कि इस मामले में पुलिस के पास पर्याप्त वैज्ञानिक साक्ष्य मौजूद हैं, जिसके आधार पर कोर्ट में जल्द ही आरोप-पत्र दाखिल कर मामले का 'स्पीडी ट्रायल' (त्वरित सुनवाई) कराया जाएगा ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।


आशीष कुमार की रिपोर्ट