Bihar Crime: शराबबंदी वाले राज्य में डेढ़ करोड़ की विदेशी शराब जब्त , तस्करों की बड़ी साजिश नाकाम

Bihar Crime: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब की तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।...

शराबबंदी वाले राज्य में डेढ़ करोड़ की विदेशी शराब जब्त- फोटो : reporter

Bihar Crime:  बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब की तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बांका के भलजोर चेकपोस्ट पर मद्यनिषेध विभाग और उत्पाद एवं मद्यनिषेध थाना की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की भारी खेप बरामद की है। 16 चक्का ट्रक में धान की भूसी के बोरों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही करीब 1.28 करोड़ रुपये मूल्य की 10,694.800 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है।

यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान की गई। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड की तरफ से एक बड़े ट्रक में शराब की भारी खेप छिपाकर भलजोर चेकपोस्ट के रास्ते भागलपुर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने चेकपोस्ट पर वाहनों की निगरानी और तलाशी तेज कर दी।इसी दौरान हंसडीहा, झारखंड की ओर से आ रहे अशोक लीलैंड 16 चक्का ट्रक संख्या RJ 09 GE 6986 को जांच के लिए रोका गया। ट्रक की तलाशी शुरू हुई तो ऊपर से धान की भूसी के बोरे रखे मिले। पहली नजर में सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन जांच टीम को शक हुआ। जब भूसी के बोरों को हटाया गया तो उनके नीचे विदेशी शराब के कार्टून छिपे मिले।

तलाशी के बाद ट्रक से विभिन्न ब्रांडों की कुल 1,214 कार्टून विदेशी शराब बरामद की गई। इन कार्टूनों में कुल 10,694.800 लीटर शराब थी। बरामद शराब की कीमत करीब 1.28 करोड़ रुपये आंकी गई है।दिलचस्प बात यह है कि बरामद शराब की बोतलों पर ‘For Sale in Punjab Only’ अंकित है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि शराब को दूसरे राज्य से बिहार के रास्ते कहीं और पहुंचाने की साजिश थी। हालांकि शराब की वास्तविक मंजिल और पूरे नेटवर्क का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।ार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार चालक की पहचान मोहन लाल, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है। वह राजस्थान के बाड़मेर जिले के बायतू थाना क्षेत्र के नरसाली नडी गांव का रहने वाला बताया गया है।तलाशी के दौरान चालक के पास से एक सैमसंग 5जी स्मार्टफोन भी बरामद किया गया है। पुलिस अब मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

मामले में मद्यनिषेध थाना बांका में कांड संख्या 415/26 दर्ज किया गया है। बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी खेप कहां से लोड की गई थी, बिहार में इसे किसके पास पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।भलजोर चेकपोस्ट पर हुई इस बड़ी बरामदगी ने शराब तस्करों के बीच खलबली मचा दी है। प्रशासन का कहना है कि शराब के अवैध कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्ट- चंद्रशेखर भगत