Bihar Crime: दोस्ती का खौफनाक अंजाम, ससुराल से लौटते वक्त युवक को मारी गोली, हादसे का रूप देने की साजिश, पड़ोसी पर कत्ल का आरोप

Bihar Crime:अपराधियों ने एक बार फिर खून की पटकथा लिख दी, जहां एक युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।...

दोस्ती का खौफनाक अंजाम- फोटो : reporter

Bihar Crime:अपराधियों ने एक बार फिर खून की पटकथा लिख दी, जहां एक युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामला बेगूसराय में खोदाबंदपुर थाना क्षेत्र के मसुराज का है, जहां सड़क किनारे गड्ढे में युवक का शव और उसकी बाइक बरामद हुई। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुम्भी गांव निवासी 35 वर्षीय अरविंद कुमार के रूप में हुई है। शुरुआती तौर पर इस मर्डर को हादसा दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन जैसे ही पुलिस और स्थानीय लोगों की नजर युवक के चेहरे और सिर पर पड़े गोली के निशान पर पड़ी, मामला पूरी तरह मर्डर केस में बदल गया।

परिजनों के मुताबिक, यह कोई सड़क हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। मृतक के पिता पवन महतो ने आरोप लगाया है कि उनके ही एक पड़ोसी ने अरविंद को फोन कर बुलाया था और उसी के साथ वह बाइक से निकला था। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिससे शक और गहरा गया है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को अरविंद अपने एक दोस्त को उसके ससुराल भोजा गांव छोड़ने गया था। वहां से देर रात वह अपने घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसे निशाना बना लिया गया। शनिवार की सुबह जब स्थानीय लोग मसुराज पंचायत भवन के पास से गुजर रहे थे, तो उन्होंने सड़क किनारे गड्ढे में बाइक और शव देखा। इसके बाद इलाके में ‘खूनी वारदात’ की खबर आग की तरह फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अरविंद के सिर में गोली मारी गई थी, जो इस बात का साफ संकेत है कि अपराधियों ने पूरी प्लानिंग के तहत इस हत्या को अंजाम दिया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही फॉरेंसिक टीम (FSL) को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से सबूत जुटाने में लगी हुई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है चाहे वह आपसी रंजिश हो, पुरानी दुश्मनी या फिर दोस्ती के पीछे छिपी साजिश। इस हत्याकांड ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर अपने ही कब दुश्मन बन जाते हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस मर्डर मिस्ट्री का खुलासा होगा। बेगूसराय की यह वारदात साफ इशारा कर रही है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं और आम लोगों की सुरक्षा कितनी चुनौतीपूर्ण होती जा रही है।

रिपोर्ट- अजय शास्त्री