Bihar Crime: पंचायती में सुलझ रहा था ससुर-दामाद का विवाद, अचानक चली गोली, दुकान पर बैठी महिला के हाथ में लगी गोली

Bihar Crime:रिवारिक विवाद सुलझाने के दौरान अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई।

महिला के हाथ में लगी गोली- फोटो : reporter

Bihar Crime: बेगूसराय के नयागांव थाना क्षेत्र में  पारिवारिक विवाद सुलझाने के दौरान अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई। बागडोव गांव में ससुर-दामाद के बीच चल रहे विवाद को लेकर पंचायती हो रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते फायरिंग हो गई। गोली पास की दुकान पर बैठी एक महिला के हाथ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल महिला की पहचान बलहपुर पुनर्वास निवासी मनीष पंडित की पत्नी रेखा देवी के रूप में हुई है। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में घायल महिला को इलाज के लिए बेगूसराय भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि बागडोव निवासी ललन सिंह की बेटी ने करीब तीन साल पहले हांसपुर निवासी रामउदय सिंह के बेटे मुरारी कुमार से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों की एक बेटी भी हुई। बाद में पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया और महिला अपने मायके में रहने लगी। इसी विवाद को खत्म कराने के लिए रविवार को दोनों पक्षों के लोग बागडोव पहुंचे थे।

पंचायती के दौरान पहले दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान बागडोव निवासी छोटू सिंह ने गोली चला दी। फायरिंग में गोली दुकान पर बैठी रेखा देवी के हाथ में जा लगी।

घटना की जानकारी मिलते ही नयागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष मनोज कुमार के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पंचायती के दौरान हथियार किसके पास था और किन परिस्थितियों में फायरिंग की गई।

रिपोर्ट- अजय शास्त्री