Bihar New Building Bylaws:बिहार में ऊंची बिल्डिंग बनाने के नियम बदले! सड़क के लिए छोड़ना होगा इतना लैंड जरूरी, पढ़िए नया रुल
Bihar New Building Bylaws: पटना समेत बिहार के शहरी इलाकों में ऊंची इमारत बनाने की योजना बना रहे लोगों के लिए नए नियम जानना बेहद जरूरी है। ...
Bihar New Building Bylaws: पटना समेत बिहार के शहरी इलाकों में ऊंची इमारत बनाने की योजना बना रहे लोगों के लिए नए नियम जानना बेहद जरूरी है। राज्य सरकार ने नए बिल्डिंग बायलाज में निर्माण को लेकर कई अहम बदलाव किए हैं। अब संकरी सड़क वाले मोहल्लों में मनमाने तरीके से बहुमंजिला इमारत खड़ी नहीं की जा सकेगी। ऊंची बिल्डिंग बनाने के लिए भूखंड के सामने कम से कम 3.7 मीटर चौड़ी सड़क होना अनिवार्य होगा। सड़क इससे कम चौड़ी होने पर दोनों तरफ के जमीन मालिकों को रास्ता चौड़ा करने के लिए अपनी जमीन का हिस्सा छोड़ना पड़ेगा।
नए प्रावधान के मुताबिक, किसी भी भवन या भूखंड के सामने सार्वजनिक अथवा निजी रास्ते की न्यूनतम चौड़ाई 3.7 मीटर होनी चाहिए। यदि मौजूदा सड़क इससे कम चौड़ी है तो सड़क के दोनों ओर के भूखंड मालिकों की जमीन लेकर उसका विस्तार किया जाएगा। खास बात यह है कि जमीन का निर्धारण सड़क की मौजूदा मध्य रेखा को आधार बनाकर होगा। यानी सड़क चौड़ी करने का पूरा बोझ किसी एक पक्ष पर नहीं पड़ेगा।
हालांकि, सरकार ने जमीन छोड़ने वाले भूखंड मालिकों को राहत देने का भी इंतजाम किया है। सड़क निर्माण के लिए स्वेच्छा से जमीन देने वाले मालिकों को संबंधित प्राधिकरण के समक्ष शपथ पत्र देना होगा। इसके बाद छोड़ी गई जमीन को भूखंड के मूल क्षेत्रफल में शामिल मानकर एफएआर (फ्लोर एरिया रेशियो) की गणना की जाएगी। इसका फायदा यह होगा कि जमीन का हिस्सा सड़क में जाने के बावजूद मालिक को निर्धारित एफएआर का लाभ शेष भूखंड पर निर्माण के लिए मिल सकेगा।
नए बिल्डिंग बायलाज में ऊंची इमारतों की सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्था पर भी खास ध्यान दिया गया है। अब ऐसी इमारतों में अलग से सूचना एवं संचार यानी आईटी कक्ष बनाना अनिवार्य होगा। यह कमरा मुख्य प्रवेश द्वार के पास बनाया जाएगा। इसकी लंबाई तीन मीटर, चौड़ाई चार मीटर और ऊंचाई तीन मीटर रखनी होगी। कमरे में बाहर की तरफ खुलने वाले दो अग्निरोधी दरवाजे और हवा के आवागमन की उचित व्यवस्था जरूरी होगी। राहत की बात यह है कि इस आईटी कक्ष को एफएआर की गणना से बाहर रखा गया है।
बिजली की हाईटेंशन लाइनों के आसपास भवन निर्माण को लेकर भी सख्ती की गई है। अब बालकनी, छज्जा और बरामदा बनाते समय बिजली के तारों से निर्धारित सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी होगा। यह नियम केवल नई इमारतों पर ही नहीं, बल्कि पुराने भवनों के विस्तार और पुनर्निर्माण पर भी लागू होगा।
वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग और एक्सप्रेसवे से सीधे किसी भवन तक रास्ता बनाने के लिए संबंधित प्राधिकरण से एनओसी लेना अनिवार्य होगा।
बिजली लाइनों से भवन की निर्धारित न्यूनतम दूरी इस प्रकार है:
बिजली लाइन की क्षमता ऊपर से दूरी अगल-बगल दूरी
650 से 11 हजार वोल्ट 3.7 मीटर 1.2 मीटर
11 से 33 हजार वोल्ट 3.7 मीटर 2 मीटर
33 हजार वोल्ट से अधिक 3.7 मीटर से अधिक 2 मीटर से अधिक
सरकार के इन बदलावों का मकसद शहरी क्षेत्रों में बेतरतीब निर्माण पर नियंत्रण, सड़क की उपलब्धता और बहुमंजिला इमारतों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना है। अब मकान या अपार्टमेंट बनाने की तैयारी कर रहे भूखंड मालिकों को निर्माण शुरू करने से पहले नए प्रावधानों का ध्यान रखना होगा।