Bihar Librarian Exam 2026: आज से पुस्तकालयाध्यक्ष की परीक्षा, मेहंदी-घड़ी और मोबाइल पर बैन, ये काम किया तो नहीं मिलेगा प्रवेश

Bihar Librarian Exam 2026: बिहार में सरकारी स्कूलों में पुस्तकालयाध्यक्ष बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं। ...

Bihar Librarian Exam 2026 Begins Today, Check Exam Rules

Bihar Librarian Exam 2026:  बिहार में सरकारी स्कूलों में पुस्तकालयाध्यक्ष बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति आज यानी सोमवार, 23 नवंबर से विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा शुरू करने जा रही है। यह परीक्षा 6 दिसंबर 2026 तक चलेगी। खास बात यह है कि इस बार परीक्षा ऑनलाइन यानी कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी। परीक्षा में शामिल होने से पहले अभ्यर्थियों को बोर्ड के सख्त दिशा-निर्देश समझ लेने चाहिए, क्योंकि छोटी सी चूक भी परीक्षा केंद्र पर मुसीबत खड़ी कर सकती है।

बिहार बोर्ड ने 17 नवंबर को अभ्यर्थियों के अंतिम प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। एडमिट कार्ड में परीक्षा की तारीख, पाली, समय और केंद्र का पूरा ब्योरा दिया गया है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि आवंटित परीक्षा केंद्र या समय में बदलाव के लिए किसी तरह की गुजारिश स्वीकार नहीं की जाएगी। लिहाजा अभ्यर्थी घर से निकलने से पहले प्रवेश पत्र की जानकारी अच्छी तरह जांच लें।

परीक्षा केंद्र पर इस बार सामान को लेकर भी सख्ती रहेगी। अभ्यर्थियों को सिर्फ एडमिट कार्ड, मूल फोटो पहचान पत्र और बॉल पेन ले जाने की इजाजत होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट गैजेट, कलाई घड़ी, पर्स और बैग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। यानी परीक्षा देने जाते वक्त अतिरिक्त सामान साथ रखने से बचना ही बेहतर होगा।

सबसे अहम निर्देश बायोमेट्रिक सत्यापन को लेकर है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के हाथों पर मेहंदी, स्याही, रंग और नेल पॉलिश नहीं लगी होनी चाहिए। इनकी वजह से पहचान सत्यापन में परेशानी आ सकती है। परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले कंप्यूटर पर लॉग-इन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा। एक बार परीक्षा शुरू होने के बाद अभ्यर्थियों को बीच में केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।

अब परीक्षा के पैटर्न की बात करें तो इसमें कुल 150 बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और पूरा पेपर हल करने के लिए 150 मिनट यानी ढाई घंटे मिलेंगे। राहत की बात यह है कि गलत जवाब देने पर नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। अलग-अलग पालियों में परीक्षा होने के कारण अंकों का सामान्यीकरण भी किया जाएगा।

श्रेणीवार न्यूनतम अर्हता अंक भी तय हैं। सामान्य वर्ग के लिए 50 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग के लिए 45.5 प्रतिशत और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 42.5 प्रतिशत अंक जरूरी होंगे। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अर्हता 40 प्रतिशत निर्धारित है।

एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को बिहार बोर्ड के आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन संख्या या यूजर आईडी और पासवर्ड के जरिए लॉगिन करना होगा। प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट लेकर मूल पहचान पत्र के साथ केंद्र पहुंचना अनिवार्य है। परीक्षा में सफलता की तैयारी के साथ-साथ इन नियमों का पालन करना भी उतना ही जरूरी है।