Bihar Crime: बिहार में बेखौफ बदमाशों का कहर, स्वर्ण कारोबारी को सीने में मारी गोली
Bihar Crime: अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक स्वर्ण कारोबारी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।....
Bihar Crime: पश्चिम चंपारण में सोमवार की देर शाम अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक स्वर्ण कारोबारी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली कारोबारी के सीने में लगी, जिसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घायल व्यवसायी की पहचान सिरिसिया थाना क्षेत्र के गरभुआ गांव निवासी गोविंदा साह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, गोविंदा साह मनुआपुल स्थित अपनी सोने-चांदी की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से कारोबारी कुछ समझ पाते, उससे पहले गोली उनके सीने में जा लगी।
गोली लगते ही गोविंदा साह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद आसपास के इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में घायल कारोबारी को इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया पहुंचाया।अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गोली लगने और हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत को लेकर विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी सामने नहीं आई है।
वारदात को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। कारोबारी रोज की तरह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे या अपराधियों ने पहले से उनकी गतिविधियों पर नजर रखी थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हमले का मकसद लूटपाट, पुरानी रंजिश या कोई अन्य वजह थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने वारदात वाले रास्ते और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े तमाम पहलुओं को जांच के दायरे में रखा है। अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों और घटना के समय इलाके में मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
स्वर्ण कारोबारी को गोली मारे जाने की इस वारदात के बाद कारोबारियों और स्थानीय लोगों में भी खौफ और नाराजगी है। लोगों का कहना है कि अगर अपराधी सरेआम गोलीबारी कर आसानी से फरार हो सकते हैं तो इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है।फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अपराधियों तक पहुंचने के लिए उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस इस दुस्साहसिक गोलीकांड के आरोपियों को कितनी जल्दी गिरफ्तार कर पाती है।
रिपोर्ट-नागेंद्र प्रसाद