Bihar Police Attack: बेतिया में पुलिस टीम पर हमला, जांच के दौरान ग्रामीणों का तांडव, SI समेत 3 घायल, पुलिस वाहन तोड़ा
Bihar Police Attack:गांव में जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया।...
Bihar Police Attack:पश्चिम चंपारण के बेतिया से एक बेहद सनसनीखेज और कानून व्यवस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां शिकारपुर थाना क्षेत्र के बनवरिया पंचायत अंतर्गत मढ़िया गांव में जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में एक सब-इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।सूत्रों के अनुसार, पूरा मामला जमीन और पेड़ कटाई विवाद से जुड़ा है। शिकायतकर्ता पार्वती देवी ने शिकारपुर थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उनके घर के सामने की सड़क पर अवैध कब्जा कर लिया है और उनके लगाए हुए आम समेत आधा दर्जन पेड़ काट दिए हैं। इसी शिकायत की जांच के लिए एसआई रविशंकर प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे।
जांच के दौरान पुलिस जब कटे हुए पेड़ों की वीडियोग्राफी कर रही थी और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही थी, तभी अचानक दूसरे पक्ष के दर्जनों ग्रामीण महिला और पुरुष लाठी-डंडों से लैस होकर वहां पहुंच गए और माहौल बिगड़ गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीड़ ने पुलिस टीम के साथ बदसलूकी शुरू कर दी और महिला गार्ड संध्या कुमारी से मोबाइल छीन लिया। हालांकि बाद में मोबाइल लौटा दिया गया, लेकिन स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। इसके बाद हमलावरों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।
इस हमले में एसआई रविशंकर प्रसाद, गार्ड संध्या कुमारी और पुलिसकर्मी अभिषेक कुमार घायल हो गए। इतना ही नहीं, उपद्रवियों ने पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया, टायर में कील ठोककर उसे पंक्चर कर दिया और शीशे तोड़ दिए।घटना के बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एक आरोपी मदन राम को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा है कि हमले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और बाकी फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
रिपोर्ट- आशीष कुमार