Bihar Crime: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा बिहार, कैफे में घुसकर बदमाशों ने संचालक को मारी गोली, युवक की हालत गंभीर, इलाके में दहशत

Bihar Crime:बिहार में उस वक्त खौफनाक मंजर में तब्दील हो गई, जब बेखौफ अपराधियों ने एक नौजवान कैफे संचालक पर गोलियों की बौछार कर दी।...

दमाशों ने कैफे संचालक को मारी गोली- फोटो : social Media

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों का मनोबल तोड़ने में पुलिस सफल नहीं हो पा रही है। सूबे में उस वक्त खौफनाक मंजर में तब्दील हो गई, जब बेखौफ अपराधियों ने एक नौजवान कैफे संचालक पर गोलियों की बौछार कर दी। सोमवार की स्याह रात भागलपुर के सजौर थाना इलाके के तेतरिया मोड़ रतनगंज में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। जख्मी युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे फौरन बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।

मिली इत्तिला के मुताबिक, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की बिजली सप्लाई को जानबूझकर बंद कर दिया गया, ताकि अंधेरे का फायदा उठाकर अपने मंसूबों को अंजाम दिया जा सके। जैसे ही माहौल पूरी तरह स्याह हुआ, बदमाशों ने एक के बाद एक चार राउंड फायरिंग कर इलाके में खौफ की लहर दौड़ा दी।

इस सनसनीखेज हमले में घायल युवक की पहचान उत्तम कुमार  के तौर पर हुई है, जो अशोक कुमार सिंह का बेटा है। बताया जाता है कि उत्तम अपने ही घर में कैफे चलाता है और उसी वक्त लैपटॉप पर काम कर रहा था। अचानक आई गोलीबारी की आवाज पहले तो पटाखों जैसी लगी, जिससे घरवालों ने उसे नजरअंदाज कर दिया। लेकिन जब बेटे की दर्दभरी चीखें गूंजीं, तो परिजन बदहवास होकर मौके पर पहुंचे।

मंजर दिल दहला देने वाला था उत्तम खून से लथपथ पड़ा था और उसकी सांसें लड़खड़ा रही थीं। फौरन उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया।

सूत्रों की मानें तो इस खौफनाक वारदात के पीछे आपसी रंजिश और पाटीदार विवाद की कहानी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। सजौर थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और पूरे मामले की तहकीकात में जुट गई है।

फिलहाल, इलाके में दहशत का साया पसरा हुआ है और लोग इस बात से सहमे हैं कि आखिर कब तक अपराधियों का ये कहर यूं ही जारी रहेगा। पुलिस ने जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करने का दावा किया है।