Bihar Crime:भागलपुर में नकाबपोश बदमाशों ने सरेराह बरसाई गोली, मायागंज अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम

वारदात इतनी अचानक और खौफनाक थी कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही गोलियों की गूंज ने इलाके को दहला दिया।

नकाबपोश बदमाशों ने सरेराह बरसाई गोली- फोटो : reporter

Bhagalpur:  जिले में उस वक्त खौफ और सनसनी फैल गई जब बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक को सरेराह गोली मार दी। वारदात इतनी अचानक और खौफनाक थी कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही गोलियों की गूंज ने इलाके को दहला दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान पीरपैंती थाना क्षेत्र के शेरमारी बाजार निवासी 35 वर्षीय ऋषभ झा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्त और प्रॉपर्टी डीलर सौरभ उर्फ मयंक के साथ बाइक से इलाके में घूमने निकले थे। दोनों बेखबर अपनी राह पर बढ़ रहे थे कि तभी मजरोही के पास अचानक मौत ने उनका रास्ता रोक लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश तेजी से उनके करीब पहुंचे। बदमाशों ने बाइक चला रहे सौरभ को रुकने का इशारा किया, मगर शायद उसे खतरे का अंदेशा हो गया और उसने बाइक नहीं रोकी। बस यही बात हमलावरों को नागवार गुजरी और उन्होंने पीछे बैठे ऋषभ झा को निशाना बना लिया।

देखते ही देखते एक बदमाश ने पिस्टल निकाली और सीधे ऋषभ के पेट पर गोली दाग दी। गोली लगते ही ऋषभ दर्द से कराहते हुए बाइक से नीचे गिर पड़े और सड़क पर ही लहूलुहान हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए, जबकि इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद सौरभ ने तुरंत अपने साथियों को खबर दी और घायल ऋषभ को लेकर जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल, मायागंज पहुंचे। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए इलाज शुरू किया, मगर तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना की खबर मिलते ही पीरपैंती थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान के लिए सुराग खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस सनसनीखेज गोलीकांड के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हमला किस वजह से किया गया, लेकिन इतना तय है कि इस वारदात ने पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

रिपोर्ट - अंजनी कुमार कश्यप