Bihar News: बिहार के पूर्व मंत्री का निधन, दिल्ली एम्स में ली अंतिम सांस, सीएम सम्राट ने जताया शोक, पटना में आज होगा अंतिम संस्कार
Bihar News: बिहार की राजनीति के एक सशक्त स्तंभ और सामाजिक न्याय के पैरोकार के निधन से राज्य के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है।...
Bihar News: बिहार की राजनीति के एक सशक्त स्तंभ और सामाजिक न्याय के पैरोकार बागी कुमार वर्मा के निधन से राज्य के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बागी कुमार वर्मा ने दिल्ली के एम्स (AIIMS) में सोमवार देर रात अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि उनके लंबे समय तक निजी सहायक रहे जयंत बाबू ने की है।
बागी कुमार वर्मा का राजनीतिक सफर बेहद प्रभावशाली रहा। वे तीन बार विधायक निर्वाचित हुए, जिसमें दो बार मखदुमपुर और एक बार अरवल की कुर्था सीट का प्रतिनिधित्व किया। लालू प्रसाद यादव की सरकार में उन्होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थीं। वे समाजवादी विचारधारा के पुरोधा और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र नाथ वर्मा के पुत्र थे, जिससे उन्हें राजनीति विरासत में मिली थी।
बागी कुमार वर्मा ने 2014 में नीतीश कुमार की अगुवाई में जदयू के टिकट पर औरंगाबाद से लोकसभा चुनाव लड़ा था, हालांकि वहां उन्हें सफलता नहीं मिली। 2019 में उन्होंने जदयू से इस्तीफा देकर वापस राजद का दामन थाम लिया और 2020 के विधानसभा चुनाव में कुर्था सीट से शानदार जीत दर्ज कर अपनी लोकप्रियता साबित की।
उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से पटना लाया जा रहा है, जहां मंगलवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका दाह संस्कार किया जाएगा। बागी कुमार वर्मा का परिवार राजनीतिक रूप से काफी सक्रिय रहा है; उनकी भावज डॉ. कुमुद वर्मा वर्तमान में जदयू से विधान पार्षद हैं।