Bihar Crime: नए हॉस्टल में शिफ्ट होने के 3 घंटे बाद NEET छात्रा की संदिग्ध मौत, मोबाइल चैट से खुलेगा मौत का रहस्य!

Bihar Crime: NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत ने पूरे शहर को सन्न कर दिया।...

NEET छात्रा की संदिग्ध मौत- फोटो : reporter

Bihar Crime: NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत ने पूरे शहर को सन्न कर दिया। छात्रा की मौत से भागलपुर के बरारी थाना इलाके में सनसनी फैल गई, जब अररिया की रहने वाली श्रृष्टि सिंह उर्फ लाडो, जो अपने सपनों को हकीकत में बदलने आई थी, महज 3 घंटे के भीतर मौत के फंदे पर झूलती मिली और पीछे छोड़ गई कई अनसुलझे सवाल।

मिली जानकारी के मुताबिक, श्रृष्टि सिंह खंजरपुर स्थित एक हॉस्टल में नई-नई शिफ्ट हुई थी। शिफ्टिंग के वक्त उसके माता पिता भी साथ थे, लेकिन कुछ देर बाद वे उसे छोड़कर वापस लौट गए। बताया जाता है कि सब कुछ बिल्कुल सामान्य था कोई तनाव या झगड़े की बात सामने नहीं आई थी। लेकिन इसके महज तीन घंटे बाद ही जो मंजर सामने आया, उसने हर किसी की रूह कंपा दी। घटना का खुलासा तब हुआ, जब बगल के कमरे में रहने वाली एक छात्रा ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर उसने शोर मचाया और हॉस्टल प्रबंधन को बुलाया गया। दरवाजा खुलते ही अंदर का नजारा खौफनाक था श्रृष्टि फंदे से लटकी हुई थी।

सूचना मिलते ही बरारी थाना अध्यक्ष बिट्टू कमल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हॉस्टल संचालक की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि पुलिस को छात्रा के मोबाइल फोन से कुछ व्हाट्सएप चैट भी मिले हैं, जिन्हें अब क्लू के तौर पर खंगाला जा रहा है।

हॉस्टल संचालक का कहना है कि “छात्रा आज ही आई थी, यह कैसे हुआ, समझ से परे है।” वहीं, मौसेरे भाई अंकुश कुमार ने निष्पक्ष जांच की मांग की है और कहा है कि परिवार पूरी तरह सदमे में है।

फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की तहकीकात कर रही है क्या यह खुदकुशी है, या इसके पीछे कोई गहरा राज छिपा है? अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल चैट की सच्चाई पर टिकी है, जो इस मौत की मिस्ट्री से पर्दा उठा सकती है।

रिपोर्ट- अंजनी कुमार कश्यप