Bihar Crime:सांसद कार्यालय पर चोरों का धावा, ताला तोड़ उड़ा ले गए DVR और अहम दस्तावेज, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल

Bihar Crime:भागलपुर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा नमूना तिलकामांझी थाना क्षेत्र में देखने को मिला है। ....

सांसद कार्यालय पर चोरों ने हाथ किया साफ- फोटो : reporter

Bihar Crime:भागलपुर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा नमूना तिलकामांझी थाना क्षेत्र में देखने को मिला है। अब चोरों ने आम लोगों के घरों और दुकानों के बाद जनप्रतिनिधियों के दफ्तरों को भी अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला सांसद अजय कुमार मंडल के कार्यालय में हुई सनसनीखेज चोरी से जुड़ा है, जहां अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार रविवार होने के कारण सांसद कार्यालय बंद था। सोमवार सुबह जब कार्यालय सचिव गौरव कुमार रोजाना की तरह दफ्तर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर का नजारा और भी चौंकाने वाला था। कार्यालय में रखी आलमारियां खुली हुई थीं, जरूरी फाइलें इधर-उधर बिखरी पड़ी थीं और कई सामान गायब थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोर कंप्यूटर, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर और कई अहम दस्तावेज अपने साथ ले गए हैं।

सबसे दिलचस्प और गंभीर पहलू यह है कि बदमाश अपने पीछे कोई सुराग न छोड़ें, इसके लिए सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी उखाड़कर ले गए। इससे साफ संकेत मिलता है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी काफी शातिर थे और उन्होंने पूरी योजना के साथ इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस को आशंका है कि चोरों को कार्यालय की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था की पहले से जानकारी हो सकती है।

घटना की सूचना मिलते ही तिलकामांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस टीम आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की आवाजाही और पहचान से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें। फॉरेंसिक स्तर पर भी कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। सांसद कार्यालय में हुई इस चोरी ने शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब जनप्रतिनिधि का कार्यालय ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। फिलहाल पुलिस जल्द खुलासे का दावा कर रही है, लेकिन इस दुस्साहसिक वारदात ने अपराधियों के बढ़ते मनोबल की एक बार फिर पोल खोल दी है।

रिपोर्ट-अंजनी कुमार कश्यप