Bihar Crime:भागलपुर में रंगदारी का खौफनाक खेल, घर में घुसकर बमबारी, फायरिंग और लूटपाट,10 लाख की मांग न मानने पर 25 लोगों ने मचाया तांडव
Bihar Crime: एक महिला ने एसएसपी को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और रकम नहीं देने पर हथियारबंद लोगों ने उनके घर पर हमला कर दिया....
Bihar Crime: भागलपुर जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब खुलेआम रंगदारी, बमबारी और फायरिंग जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। जगदीशपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने एसएसपी भागलपुर को आवेदन देकर जो आरोप लगाए हैं, वे पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैलाने वाले हैं।
पीड़िता बीबी रही, पति मोहम्मद शमशाद, ने आरोप लगाया है कि कुछ दबंगों ने पहले उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी। यह मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि घटना से कुछ दिन पहले ही आरोपियों ने रंगदारी की मांग को लेकर दबाव बनाना शुरू कर दिया था।आरोप है कि 27 जून 2026 की रात करीब 12:30 बजे हालात बेकाबू हो गए। पीड़िता के मुताबिक मोहम्मद हिरु, मोहम्मद मिंटू अंसारी, मोहम्मद खालिद अंसारी, मोहम्मद आलम, अलतमस, अरशद उर्फ छोटू, जकाउल्ला, फैयाज, सज्जाद, दानिश, मजहर, सरफराज समेत 20 से 25 अज्ञात लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर पर पहुंचे। उनके हाथों में पिस्तौल, लोहे की रॉड, हॉकी स्टिक और बम थे।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले जमकर गाली-गलौज की, फिर घर पर बमबारी और फायरिंग कर दहशत फैला दी। इसके बाद जबरन घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस दौरान महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।पीड़िता ने यह भी दावा किया है कि हमलावर घर में रखे लगभग 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, 90 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरा परिवार भय और दहशत में जी रहा है।
महिला का कहना है कि उन्होंने 29 जून को जगदीशपुर थाना में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उल्टा आरोपियों की तरफ से केस वापस लेने के लिए धमकियां मिल रही हैं।पीड़िता ने एसएसपी भागलपुर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस स्तर पर मामले की जांच की बात कही जा रही है, जबकि इलाके में तनाव और डर का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट- बालमुकुंद कुमार