Bihar Crime: इश्क, ब्रेकअप और गोलीकांड! प्रेम-प्रसंग में इंटर के छात्र को मारी गोली, इलाके में सनसनी

Bihar Crime: प्रेम संबंध और उसके बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 16 वर्षीय किशोर को गोली मार दी गई।

इश्क, ब्रेकअप और गोलीकांड!- फोटो : reporter

Bihar Crime: भोजपुर जिले में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज गोलीकांड सामने आया है। कथित प्रेम संबंध और उसके बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 16 वर्षीय किशोर को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल छात्र का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुट गई है।

घायल किशोर की पहचान कोइलवर थाना क्षेत्र के धंडीहा वार्ड-4 निवासी देव किशोर यादव के पुत्र दिनेश कुमार के रूप में हुई है। दिनेश इंटर का छात्र है। घटना कुल्हड़िया स्टेशन नर्सरी रोड स्थित चबूतरा के पास की बताई जा रही है। गोली उसके शरीर के दाहिने हिस्से में कमर के पास लगी है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घायल दिनेश के मुताबिक गांव की एक युवती के साथ वर्ष 2023 से उसका प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत और मेलजोल चलता रहा, लेकिन बाद में दोनों के रिश्ते में दरार आ गई और कथित तौर पर ब्रेकअप हो गया। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क भी बंद हो गया था।

दिनेश का आरोप है कि इसी मामले को लेकर युवती के परिजनों की ओर से उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। साथ ही उसे पहले से धमकियां भी मिल रही थीं। उसने बताया कि देर रात खाना खाने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कथित तौर पर युवती के पिता और उसके बेटे ने उसे रोक लिया और फायरिंग शुरू कर दी।

घायल छात्र का दावा है कि उस पर चार से पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। एक गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। गोली लगने के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार ने बताया कि आरोपित पक्ष के लोग फिलहाल फरार हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन घायल छात्र के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल इस गोलीकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। प्रेम-प्रसंग से शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आपराधिक मामले में तब्दील हो गया है और हर किसी की नजर पुलिस जांच के नतीजों पर टिकी हुई है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार