Bihar Crime: बेंगलुरु जाने निकला युवक नशाखुरानी गिरोह के जाल में फंसा, खाने में नशीला पदार्थ देकर लूटे मोबाइल-नकदी
Bihar Crime: बेंगलुरु जाने के लिए घर से निकला एक युवक आरा में कथित नशाखुरानी का शिकार हो गया।...
Bihar Crime: बेंगलुरु जाने के लिए घर से निकला एक युवक आरा में कथित नशाखुरानी का शिकार हो गया। पावरगंज सूर्य मंदिर के समीप एक व्यक्ति ने खुद को दोस्त बताकर युवक को अपने साथ लिया और खाने-पीने की चीज में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला दिया। इसके बाद युवक बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तो उसके पास रखा मोबाइल और नकदी गायब थी। बेहोशी की हालत में युवक को स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 की टीम ने सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना शहर के नवादा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
पीड़ित की पहचान सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विशेन टोला निवासी सिधनाथ सिंह के पुत्र राहुल कुमार सिंह (29) के रूप में हुई है। राहुल बेंगलुरु की एक कंपनी में काम करता है। बताया गया कि वह सड़क मार्ग से बेंगलुरु जाने के लिए अपने घर से निकला था। इसी दौरान वह आरा के पावरगंज सूर्य मंदिर के पास पहुंचा।
राहुल के अनुसार, मंदिर के समीप एक व्यक्ति उसके पास आया और खुद को उसका दोस्त बताते हुए बातचीत करने लगा। कथित तौर पर उसने साथ चलने और कुछ खाने-पीने की बात कही। युवक ने उसके साथ जाने के दौरान खाने-पीने की चीज का सेवन किया। इसके कुछ देर बाद वह बेहोश हो गया। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान उसके पास मौजूद नकदी और मोबाइल गायब कर दिया गया।सड़क किनारे युवक के बेहोश पड़े होने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने डायल-112 को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।
सदर अस्पताल के डॉक्टर आशुतोष कुमार के मुताबिक, युवक को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। फिलहाल उसकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। डॉक्टर के अनुसार, पूरी तरह होश में आने और हालत सामान्य होने के बाद ही घटना के संबंध में उससे विस्तृत जानकारी ली जा सकेगी।उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक के पास पहुंचने वाला व्यक्ति कौन था, उसके साथ कितनी देर रहा और घटना के बाद किस दिशा में फरार हुआ।
पुलिस युवक के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल कथित नशाखुरानी की इस वारदात ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।