शराब तस्करी का गजब तरीका: बोलेरो की छत में बनाया गुप्त तहखाना, विदेशी शराब के साथ 2 गिरफ्तार

बिहार के नवादा जिले से शराब तस्करी का एक ऐसा गजब का मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। शराब तस्करों ने बोलेरो गाड़ी के छत में ही तहखाना बना डाला था। गाड़ी की बारीकी से जांच करने पर उसकी ऊपरी छत में बने विशेष चेंबर का खुलासा हुआ...

शराब तस्करी का गजब तरीका: बोलेरो की छत में बनाया गुप्त तहखान
शराब तस्करी का गजब तरीका- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में शराब तस्करों का एक हैरान कर देने वाला हथकंडा सामने आया है। उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो गाड़ी को जब्त किया, जिसकी छत के अंदर एक विशेष गुप्त तहखाना बनाया गया था। तस्कर इसी तहखाने में शराब छिपाकर पुलिस की आँखों में धूल झोंकने की कोशिश कर रहे थे।


गोविंदपुर में कार्रवाई, टेट्रा पैक ऑफिसर चॉइस की 778 बोतलें जब्त

उत्पाद विभाग के एएसआई दिलीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने गोविंदपुर इलाके में यह बड़ी कार्रवाई की। बोलेरो गाड़ी की बारीकी से जांच करने पर उसकी ऊपरी छत में बने विशेष चेंबर का खुलासा हुआ। तलाशी के दौरान उस तहखाने से 140 लीटर विदेशी शराब (टेट्रा पैक ऑफिसर चॉइस ब्रांड की कुल 778 बोतलें) बरामद की गईं।


झारखंड निवासी दो शराब धंधेबाज मौके से गिरफ्तार

शराब तस्करी के इस मामले में उत्पाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के बोकारो स्टील सिटी निवासी रोहन साव तथा जमुआ निवासी मोहम्मद असलम के रूप में की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।


झारखंड से बिहार में की जा रही थी शराब की अवैध सप्लाई

प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी झारखंड के सीमावर्ती इलाकों से शराब की खेप लेकर बिहार में प्रवेश कर रहे थे। तस्करों ने सोचा था कि छत के गुप्त तहखाने पर किसी की नजर नहीं पड़ेगी, लेकिन उत्पाद विभाग की सतर्कता और सटीक जांच के कारण उनकी यह चालाकी धरी की धरी रह गई।


शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार जारी है अभियान

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस लगातार सघन जांच अभियान चला रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि तस्कर चाहे जितने भी नए-नए तरीके और हथकंडे अपना लें, पुलिस की नजर से बच नहीं पाएंगे और अवैध शराब के धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


अमन की रिपोर्ट