2020 में मंदिर में शादी फिर बेटे का जन्म, महिला के नाम से लिया लाखों का लोन, ससुराल पहुंची तो पहले से शादीशुदा निकला पति

एक शादीशुदा पुरुष ने महिला को इस किस्म से झांसा दिया कि पहले मंदिर में शादी रचाई और फिर एक बेटे को भी जन्म दिया. महिला के नाम से लोन भी ले लिया. लेकिन महिला जब ससुराल आई तो पता चला कि पति की पहले से शादी हो चुकी है. नवादा में जानिए क्या हुआ

Nawada- फोटो : news4nation

 Bihar News : पहली पत्नी के रहते एक अन्य महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाने, मंदिर में शादी करने और दहेज के लिए प्रताड़ित कर घर से निकालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। महिला ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देवकी बिगहा निवासी चंदन कुमार, पिता अंबिका प्रसाद समेत अन्य के खिलाफ शिकायत की है।


महिला के अनुसार, चंदन कुमार ने वर्ष 2020 में उसे शादी का झांसा दिया और मंदिर में ले जाकर शादी कर ली। इसके बाद दोनों नवादा में साथ रहने लगे। इस दौरान महिला ने एक पुत्र को जन्म दिया। कुछ समय बाद वह चंदन को बताए बिना अपने ससुराल चली गयी। वहां पहुंचने पर उसे जानकारी हुई कि चंदन पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं।


महिला का आरोप है कि यह जानकारी मिलने के बाद ससुराल के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से भगा दिया। इसके बाद भी चंदन से उसका संपर्क बना रहा। आरोप है कि चंदन ने दहेज के नाम पर महिला के नाम से 1.85 लाख रुपये का लोन करा लिया, जिसकी किस्त वह खुद चुका रही है।


महिला का कहना है कि इसके बाद उसे घर में रखने के लिए दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी। रुपये देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गयी और उसे नवादा से भी भगा दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अमन की रिपोर्ट