Bihar News: वाह रे बिहार पुलिस ! पटना में कोर्ट से सजा मिलने के बाद पुलिस के गिरफ्त से कैदी फरार, मुंह ताकते रह गए वर्दी धारी

Bihar News: पटना में सिविल कोर्ट से सजा मिलने के बाद पुलिस गिरफ्त से कैदी फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।

Accused absconding- फोटो : reporter

Bihar News: पटना पुलिस को उस वक्त बड़ा झटका लगा है जब दहेज हत्या के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद आरोपी विनय ठाकुर सिविल कोर्ट से फरार हो गया। इस घटना के बाद पुलिस के लिए एक नई चुनौती खड़ी हो गई है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

कैसे हुआ फरार?

फुलवारीशरीफ के रामपुर फरीदपुर निवासी विनय ठाकुर पर पत्नी की हत्या का मुकदमा चल रहा था। मंगलवार को कोर्ट ने उसे दोषी करार दिया और न्यायिक हिरासत में लेने का आदेश दिया। इसके बाद सजा सुनाई जानी थी, लेकिन इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर कोर्ट परिसर से भाग निकला। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद न्यायालय के निर्देश पर पीरबहोर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पटना पुलिस सतर्क हो गई और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। पीरबहोर थानाध्यक्ष अब्दुल हलीम के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरी ताकत से फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट