Bihar Crime News: एक महबूबा, दो आशिक... एक अस्पताल में, दूसरा सलाखों के पीछे, राजद नेता की गाड़ी से कथित अपहरण कांड में आया सनसनीखेज मोड़, इश्क का इम्तिहान या जुर्म का मैदान?
जिस थार गाड़ी पर राजद का बैनर और पोस्टर लगा था, उससे युवक के अपहरण की सूचना ने पहले पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। लेकिन जैसे-जैसे तहकीकात आगे बढ़ी, वैसे-वैसे कहानी का रुख बदलता गया। ...
Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर में कथित अपहरण का हाई-प्रोफाइल मामला अब महज किडनैपिंग की कहानी नहीं, बल्कि इश्क, इंतकाम और कानून के टकराव की दास्तान बनता नजर आ रहा है। जिस थार गाड़ी पर राजद का बैनर और पोस्टर लगा था, उससे युवक के अपहरण की सूचना ने पहले पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। लेकिन जैसे-जैसे तहकीकात आगे बढ़ी, वैसे-वैसे कहानी का रुख बदलता गया। अब जांच की सुई प्रेम प्रसंग की तरफ घूम गई है, जहां एक युवती के प्यार ने कथित तौर पर एक युवक को अस्पताल और दूसरे को हवालात पहुंचा दिया।
पूरा घटनाक्रम काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस के पास का है। रविवार की शाम करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि राजद के झंडे और पोस्टर लगी एक थार गाड़ी से एक युवक का अपहरण कर लिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्ध थार की पहचान कर ली गई।
इसी बीच दूसरी सूचना आई कि जिस युवक को कथित तौर पर अगवा किया गया था, उसे चांदनी चौक के पास घायल अवस्था में छोड़कर थार सवार फरार हो गए हैं। पुलिस मौके पर पहुंची, घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया और उसके बयान के आधार पर जांच का दायरा और तेज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया। वाहन जांच अभियान शुरू हुआ और महज तीन घंटे के भीतर पुलिस ने सरैया थाना क्षेत्र से संदिग्ध थार को जब्त कर लिया। साथ ही कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी मोहम्मद रहमान को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि उसके कुछ साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार लोगों की तलाश जारी है।टाउन डीएसपी सुरेश कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और घटना के पीछे की असली वजह तलाशने में जुटी है।
सूत्रों की मानें तो इस पूरे घटनाक्रम की जड़ में शहर की एक युवती है, जिससे दोनों युवकों का प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। जब एक युवक को दूसरे के रिश्ते की भनक लगी तो दोनों के बीच पहले भी मारपीट हुई थी। लेकिन इस बार मामला कथित तौर पर अपहरण और हमले तक पहुंच गया।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब जज़्बात पर कानून भारी पड़ता है, तो अंजाम अदालत और अस्पताल के बीच ही तय होता है। मोहब्बत अगर भरोसे और तहज़ीब की राह छोड़कर ज़बरदस्ती, हिंसा और बदले की शक्ल अख्तियार कर ले, तो वह इश्क नहीं, जुर्म की दास्तान बन जाती है।फिलहाल पुलिस इस कथित लव ट्रायंगल के हर पहलू की पड़ताल कर रही है। कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि यह मामला केवल प्रेम प्रसंग की रंजिश था या इसके पीछे कोई और गहरी साजिश भी छिपी हुई है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा